क्या भारत में वापस आ सकता है TikTok? सोशल मीडिया पर दावों के बीच सरकार का रुख अभी भी साफ
सोशल मीडिया पर इस बात की चर्चा ज़ोरों पर है कि टिकटॉक भारत में वापसी कर सकता है, लेकिन सरकार ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई है कि शॉर्ट वीडियो ऐप TikTok भारत में दोबारा वापसी कर सकता है। खासकर X (पूर्व में ट्विटर) पर कई यूजर्स इस तरह के पोस्ट साझा कर रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि TikTok को भारत में वापस आने की अनुमति मिल गई है या जल्द ही मिल सकती है। गौरतलब है कि भारत में TikTok को 29 जून 2020 को आधिकारिक रूप से प्रतिबंधित कर दिया गया था। उस समय भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की संप्रभुता के लिए खतरा बताते हुए 58 अन्य चीनी ऐप्स के साथ बैन कर दिया था। ऐसे में अब उठ रहे सवाल यह हैं कि क्या वास्तव में TikTok की वापसी संभव है।
इंटरनेट पर तेजी से फैल रहे दावे
पिछले 24 घंटों में सोशल मीडिया पर TikTok की वापसी को लेकर कई तरह के दावे सामने आए हैं। X पर कई यूजर्स ने पोस्ट कर कहा है कि TikTok भारत में वापस आ गया है या जल्द आने वाला है। उदाहरण के तौर पर @rupjyotiassamm नाम के यूजर ने लिखा कि “लो जी TikTok अब इंडिया में वापस आ गया है।” वहीं @NatanamNZ नाम के यूजर ने दावा किया कि “TikTok भारत में वापसी कर सकता है और सरकार कंपनी से इस बारे में बातचीत कर रही है।” कई लोग इस विषय पर सवाल भी पूछते नजर आ रहे हैं और जानकारी लेने की कोशिश कर रहे हैं।
चीन के साथ सुधरते संबंधों से बढ़ी अटकलें
TikTok की वापसी की चर्चा को भारत और चीन के बीच हाल में सुधरते संबंधों से भी जोड़ा जा रहा है। हाल ही में भारत सरकार ने अपने Startup India कार्यक्रम के तहत चीनी ई-कॉमर्स कंपनी Alibaba.com के साथ एक समझौता किया है। इसके अलावा AliPay ऐप में UPI इंटीग्रेशन को भी कुछ लोग सकारात्मक संकेत मान रहे हैं। इन घटनाओं के बाद कुछ लोगों का मानना है कि TikTok को लेकर भी सरकार भविष्य में कोई नई रणनीति अपना सकती है, जैसा कि अमेरिका में देखने को मिला था।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी खबरें
TikTok की वापसी को लेकर यह पहली बार चर्चा नहीं हो रही है। पिछले साल अगस्त और सितंबर के महीनों में भी ऐसी अफवाहें सामने आई थीं। उस समय बताया गया था कि किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण भारत में TikTok की वेबसाइट कुछ समय के लिए काम करने लगी थी। इसके बाद लोगों ने अनुमान लगाना शुरू कर दिया था कि ऐप वापस आ सकता है।
फिलहाल सरकार की ओर से कोई संकेत नहीं
हालांकि अभी तक भारत सरकार की ओर से TikTok की वापसी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। सरकार का रुख अभी भी पहले जैसा ही माना जा रहा है और इस बात की कोई पुष्टि नहीं है कि TikTok भारत में दोबारा शुरू होने वाला है या कंपनी और सरकार के बीच इस विषय पर कोई बातचीत चल रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
