रेनॉ ने पेश किया ब्रिजर कॉन्सेप्ट SUV, अगले साल भारत में लॉन्च की तैयारी; जिम्नी को दे सकती है टक्कर

रेनॉल्ट ने ब्रिजर कॉन्सेप्ट कॉम्पैक्ट एसयूवी का अनावरण किया है, जिसके अगले साल भारत में लॉन्च होने की उम्मीद है। यह नई एसयूवी मारुति सुजुकी जिम्नी को टक्कर दे सकती है और इसमें पेट्रोल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वाहन विकल्प उपलब्ध होंगे।

Mar 11, 2026 - 10:50
 0
रेनॉ ने पेश किया ब्रिजर कॉन्सेप्ट SUV, अगले साल भारत में लॉन्च की तैयारी; जिम्नी को दे सकती है टक्कर

फ्रांस की ऑटोमोबाइल कंपनी रेनॉल्ट ने मंगलवार को अपनी नई कॉम्पैक्ट एसयूवी रेनॉल्ट ब्रिजर का कॉन्सेप्ट वर्जन पेश किया। कंपनी का कहना है कि इस कार को भारत में अगले साल लॉन्च किया जा सकता है। इसके साथ ही रेनॉ ने यह भी संकेत दिया है कि इस कार की मैन्यूफैक्चरिंग अगले साल से भारत में शुरू करने की योजना है। ब्रिजर एक 5-सीटर कॉम्पैक्ट SUV होगी, जिसे मजबूत और दमदार लुक के साथ डिजाइन किया गया है। कॉन्सेप्ट वर्जन में पीछे की तरफ स्पेयर व्हील लगाया गया है, जिससे इसका रग्ड और बॉक्सी डिजाइन और भी आकर्षक नजर आता है।

मारुति सुजुकी जिम्नी को मिल सकता है नया विकल्प
नई ब्रिजर SUV को बाजार में मारुति सुजुकी जिम्नी के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। इस कॉन्सेप्ट कार की लंबाई 4 मीटर से कम रखी गई है और इसके बाहरी डायमेंशन भी जिम्नी से काफी मिलते-जुलते बताए जा रहे हैं। इसके अलावा इस कार का ग्राउंड क्लियरेंस भी जिम्नी के बराबर करीब 200 मिमी रखा गया है। हालांकि साइज में छोटी दिखने के बावजूद ब्रिजर के इंटीरियर को काफी स्पेशियस बताया गया है। कंपनी ने इसके कॉन्सेप्ट मॉडल में लगभग 400 लीटर का बूट स्पेस और करीब 200 मिमी का रियर लेग रूम दिया है, जिससे यात्रियों को आरामदायक जगह मिल सके।

भारत में ही डिजाइन और मैन्यूफैक्चर होने की उम्मीद
कंपनी की योजना है कि ब्रिजर को भारत में ही डिजाइन और डेवलप किया जाए। इसके साथ ही इसकी मैन्यूफैक्चरिंग भी भारत में ही की जा सकती है। रिपोर्ट्स के अनुसार इस कार का उत्पादन रेनॉल्ट चेन्नई प्लांट में किया जा सकता है। इससे भारत में ऑटोमोबाइल सेक्टर को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। कंपनी का मानना है कि भारत में डिजाइन और निर्माण करने से लागत कम होगी और स्थानीय बाजार की जरूरतों के अनुसार कार को बेहतर बनाया जा सकेगा।

भारत में लॉन्च के बाद अन्य देशों में भी आएगी कार
रेनॉ ब्रिजर का डिजाइन हाल ही में पेश की गईरेनॉल्ट डस्टर से मिलता-जुलता बताया जा रहा है। इसी वजह से कुछ लोग इसे मिनी डस्टर भी कह रहे हैं। कंपनी की योजना है कि मैन्यूफैक्चरिंग शुरू होने के बाद सबसे पहले इसे भारतीय बाजार में लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद इस कार को अफ्रीका और मिडल ईस्ट के बाजारों में भी उतारा जा सकता है। हालांकि यूरोप में इसके लॉन्च होने की संभावना फिलहाल कम बताई जा रही है।

पेट्रोल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वर्जन की तैयारी
रेनॉ इस कार को अलग-अलग पावरट्रेन विकल्पों के साथ लॉन्च करने की योजना बना रही है। कंपनी इसे पेट्रोल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक वर्जन में पेश कर सकती है। एंट्री लेवल मॉडल में 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है। वहीं इलेक्ट्रिक वर्जन को 35kWh और 55kWh बैटरी पैक के साथ लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि इन विकल्पों की उपलब्धता बाजार की मांग और लोकेशन के अनुसार तय की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।