चलती राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग… धुएं से मची चीख-पुकार, 68 यात्रियों को ऐसे बचाया गया
Ratlam Train Fire: रतलाम में तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में रविवार सुबह भीषण आग लग गई। हादसे में दो कोच प्रभावित हुए, लेकिन समय रहते सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेलवे अधिकारियों और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। जांच जारी है।
Rajdhani Express Fire: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। तिरुवनंतपुरम से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जा रही गाड़ी संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेन के दो कोच इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि ट्रेन स्टाफ और रेलवे अधिकारियों की सूझबूझ से सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित हो गया और कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। रेलवे ने राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू करते हुए आग पर काबू पा लिया। फिलहाल रेलवे इस घटना की विस्तृत जांच कर रहा है।
सुबह 5:15 बजे लगी आग
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा रविवार सुबह करीब 5:15 बजे नागदा-कोटा रेलखंड पर लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। ट्रेन दिल्ली की ओर जा रही थी, तभी अचानक एसी कोच बी-1 और उसके पास स्थित हिस्से से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते धुआं पूरी बोगी में फैल गया। ट्रेन के सेफ्टी हूटर बजने लगे, जिससे सो रहे यात्रियों में घबराहट फैल गई। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
ट्रेन मैनेजर और गार्ड की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
हादसे के समय ट्रेन मैनेजर और गार्ड ने तुरंत सतर्कता दिखाई। गार्ड ने वायरलेस के जरिए लोको पायलट को आग लगने की सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को इमरजेंसी ब्रेक लगाकर तुरंत रोक दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने आग को पूरी ट्रेन में फैलने से रोकने के लिए बी-1 कोच और उससे जुड़े प्रभावित डिब्बे को मुख्य ट्रेन से अलग कर दिया। साथ ही ओवरहेड इक्विपमेंट यानी OHE की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
सभी 68 यात्री सुरक्षित
रेलवे ने बताया कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ है। प्रभावित कोच के सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। यात्रियों को ट्रैक किनारे लाकर उन्हें जलपान और प्राथमिक सहायता दी गई। रेलवे स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। यात्रियों को फिलहाल दूसरे कोचों में एडजस्ट किया गया है और ट्रेन को कोटा तक ले जाया जाएगा। वहां ट्रेन में नया अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा, ताकि यात्री आगे आराम से सफर कर सकें।
रेलवे अधिकारियों ने शुरू की जांच
घटनास्थल कोटा रेल मंडल क्षेत्र में आता है, इसलिए कोटा से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्वनी कुमार भी घटनास्थल पहुंचे। पश्चिम मध्य रेलवे के CPRO हर्षित श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही रेलवे ने तेजी से कार्रवाई की और सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि यात्रियों के खाने-पीने की व्यवस्था भी की गई है। रेलवे ने लोगों से जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
