10 लाख की रंगदारी, पुरानी रंजिश और सरेआम गोली… असद मर्डर केस में दो दबोचे, मुख्य आरोपी अब भी फरार
मुरादाबाद में बेकरी मालिक मोहम्मद असद की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी जफर फरार है। मामला प्रॉपर्टी विवाद और रंगदारी से जुड़ा बताया जा रहा है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में अलविना बेकरी के मालिक और जज आसमा सुल्ताना के पिता मोहम्मद असद की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान आलमगीर और मोहम्मद फैजान के रूप में हुई है। फैजान मुख्य आरोपी जफर का दामाद बताया जा रहा है। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी जफर अभी भी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
नमाज के लिए जाते समय मारी गई गोली
जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी को शाम करीब 7:30 बजे असद अपने साले मजाहिर के साथ तरावीह की नमाज पढ़ने के लिए स्कूटी से जा रहे थे। तभी नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव चौराहे के पास उनके दूसरे साले जफर ने तमंचे से उन पर गोली चला दी। गोली लगने से असद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल मुरादाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
पांच नामजद समेत अन्य पर मुकदमा
इस मामले में मजाहिर ने नागफनी थाने में पांच नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। शिकायत में अपने ही सगे भाई जफर, उसके बेटे सैफुल और हुसैन, आलमगीर तथा दामाद फैजान को जिम्मेदार ठहराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुराना प्रॉपर्टी विवाद बना वजह
बताया जा रहा है कि असद और जफर के बीच मकान और प्रॉपर्टी को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। 22 दिसंबर 2025 को मझोला थाना क्षेत्र में जफर और उसके साथियों ने असद की कार रोककर उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी।
10 लाख की रंगदारी की मांग
पीड़ित ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने 10 लाख रुपये की रंगदारी और 1 लाख रुपये महीना देने की मांग की थी। इस मामले में 13 जनवरी को मझोला थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4) और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। जांच के बीच 27 फरवरी को असद की हत्या कर दी गई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
