लखनऊ लोहिया अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा, परिजनों ने की तोड़फोड़ और मारपीट
लखनऊ के लोहिया अस्पताल में मरीज की मौत के बाद अफरा-तफरी मच गई। परिवार ने हंगामा किया और संपत्ति में तोड़फोड़ की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई होने की संभावना है।
राजधानी लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में मंगलवार सुबह एक मरीज की मौत के बाद बड़ा हंगामा हो गया। घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब गंभीर हालत में भर्ती 45 वर्षीय मरीज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मरीज की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
निमोनिया से पीड़ित था मरीज, हालत थी गंभीर
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मरीज को निमोनिया की शिकायत के चलते गंभीर हालत में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था। संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर विक्रम सिंह ने बताया कि मरीज की स्थिति बेहद नाजुक थी और उसे तुरंत इंट्यूबेशन की जरूरत थी। लेकिन सुबह करीब साढ़े पांच बजे परिजनों ने इस प्रक्रिया के लिए लिखित रूप से मना कर दिया था।
देर से मिली सहमति, नहीं बच सकी जान
डॉक्टरों के मुताबिक, मरीज की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। जब स्थिति ज्यादा गंभीर हो गई, तब परिजनों ने करीब साढ़े छह बजे इंट्यूबेशन के लिए सहमति दी। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और मरीज की हालत बहुत ज्यादा खराब हो गई थी। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की, लेकिन आखिरकार मरीज को बचाया नहीं जा सका।
परिजनों ने की तोड़फोड़ और मारपीट
मरीज की मौत के बाद परिजन गुस्से में आ गए और उन्होंने अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। साथ ही डॉक्टरों और स्टाफ के साथ मारपीट भी की गई। इस घटना से अस्पताल में मौजूद अन्य मरीज और उनके परिजन भी डर गए। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
