लखनऊ में डंपर का टायर फटने से बड़ा हादसा, पिलर से टकराकर लगी आग, चालक गंभीर
लखनऊ में एक डंपर का टायर फट गया और वह एक ऊंचे सड़क स्तंभ से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और यातायात प्रभावित हुआ।
राजधानी लखनऊ में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बंथरा थाना क्षेत्र में मौरंग से लदा एक डंपर अचानक अनियंत्रित होकर एलिवेटेड रोड के पिलर से टकरा गया और उसमें भीषण आग लग गई। करीब 45 मिनट तक डंपर जलता रहा। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि ऊपर बने फ्लाईओवर तक पहुंच रही थीं। आसपास का आसमान धुएं से काला हो गया। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि खलासी भी घायल हो गया है। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
टायर फटने से हुआ हादसा
यह घटना रात करीब 11:30 बजे बंथरा बाजार के दादूपुर मोड़ के पास हुई। जानकारी के अनुसार उन्नाव जिले के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के सिरौती गांव निवासी महेश प्रसाद डंपर (UP-79-AT-6069) से मौरंग लेकर आलमबाग की ओर जा रहे थे। अचानक डंपर के अगले दाहिने पहिये में तेज धमाके के साथ टायर फट गया। टायर फटते ही डंपर अनियंत्रित हो गया।
पिलर से टकराकर लगी आग
टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और डंपर एलिवेटेड रोड के पिलर संख्या-123 से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर में शॉर्ट सर्किट हो गया और तुरंत आग लग गई। आग तेजी से फैल गई। इस दौरान चालक महेश प्रसाद गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि क्लीनर अनूप आंशिक रूप से घायल हो गया।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सरोजनी नगर फायर स्टेशन से एफएसओ धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक डंपर पूरी तरह जल चुका था और केवल उसकी बॉडी बची थी घायल चालक को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के कारण कानपुर रोड पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
