अलविदा जुमे से पहले लखनऊ में सुरक्षा सख्त, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस तैनात
रमजान के दौरान अलविदा जुम्मा की नमाज को लेकर लखनऊ पुलिस हाई अलर्ट पर है। अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं, ड्रोन से निगरानी की जा रही है और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी के आदेश दिए गए हैं।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रमजान के आखिरी जुमे यानी अलविदा जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन और पुलिस हाई अलर्ट पर है। शिया समुदाय के आक्रोश की खबरों के बीच पूरे प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संवेदनशील शहरों और इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन ने शांति बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
डीजीपी ने दिए सतर्क रहने के निर्देश
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि अलविदा जुमे के दिन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके और समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी
प्रशासन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली अफवाहों और भड़काऊ पोस्ट पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए साइबर टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के जरिए अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।
नमाज को लेकर विशेष तैयारियां
अलविदा जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों की बैठक भी हुई है। बैठक में नमाज के दौरान सुरक्षा, व्यवस्था और सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।जामा मस्जिद ईदगाह में दोपहर 12:45 बजे अलविदा जुमे की नमाज अदा की जाएगी। इसके लिए मस्जिदों के आसपास सफाई, बिजली और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल
नमाज के दौरान बड़ी संख्या में नमाजी जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं। ईदगाह के गेटों पर डीएफएमडी यानी डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे, ताकि सुरक्षा जांच ठीक से की जा सके। इसके अलावा पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों के जरिए भी की जाएगी। प्रशासन ने वुजू के लिए पानी के टैंकर की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया है, ताकि नमाजियों को किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन और पुलिस का कहना है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
