लखीमपुर खीरी में किशोर की आत्महत्या, रिटायर्ड दरोगा पर प्रताड़ना का आरोप

लखीमपुर खेरी के बांकेगंज इलाके में एक 16 वर्षीय लड़के ने आत्महत्या कर ली। परिवार ने एक सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर पर उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Feb 7, 2026 - 08:57
 0
लखीमपुर खीरी में किशोर की आत्महत्या, रिटायर्ड दरोगा पर प्रताड़ना का आरोप

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक दुखद और गंभीर मामला सामने आया है। बांकेगंज चौकी क्षेत्र के सरकारपुर गांव में 16 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के भाई ने गांव के ही एक रिटायर्ड दरोगा पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते किशोर ने यह खौफनाक कदम उठाया। फिलहाल मैलानी पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।

शाम को हुई बातचीत के बाद उठाया आत्मघाती कदम
यह घटना शुक्रवार शाम की है। बताया गया कि शाम करीब 6:30 बजे 16 वर्षीय विवेक भार्गव की गांव के ही निवासी रिटायर्ड दरोगा ओमप्रकाश से बातचीत हुई थी। बातचीत के कुछ समय बाद ही, करीब 7 बजे, विवेक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो घर में हड़कंप मच गया।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद विवेक के बड़े भाई उसे तुरंत बांकेगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

भाई का आरोप- दरोगा ने की थी मारपीट
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि गांव के रिटायर्ड दरोगा ओमप्रकाश ने विवेक के साथ मारपीट की थी। भाई का कहना है कि इसी घटना से विवेक बहुत आहत था और मानसिक तनाव में आकर उसने आत्महत्या कर ली।

दूसरा पक्ष बोला- समझाने पर हुई थी कहासुनी
दूसरे पक्ष से मिली जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड दरोगा ओमप्रकाश वर्तमान में बरेली में रहते हैं और सरकारपुर गांव में उनकी खेती की जमीन है, जिस कारण उनका गांव आना-जाना लगा रहता है। बताया गया कि मृतक के बड़े भाई पर कच्ची शराब बेचने का आरोप है, जिससे रास्ते में शराबियों की भीड़ लगी रहती थी। इसी बात को लेकर शुक्रवार शाम दरोगा ने विवेक को समझाया था। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

पुलिस बोली- हर पहलू की होगी जांच
मैलानी थानाध्यक्ष बृजेश मौर्या ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी आरोपों और तथ्यों की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।