पत्नी की अर्थी लेकर श्मशान पहुंचा पति, मुखाग्नि से पहले आ गई पुलिस… दहेज हत्या के आरोप से मचा हड़कंप
कोटा में विवाहिता की मौत के बाद अंतिम संस्कार रोका गया। पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया, जबकि पति ने बीमारी से मौत बताई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
राजस्थान के कोटा शहर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गुमानपुरा थाना क्षेत्र के छावनी रामचंद्रपुरा इलाके में एक विवाहिता की मौत के बाद अंतिम संस्कार के समय भारी हंगामा हो गया। शनिवार को अस्पताल में इलाज के दौरान 26 वर्षीय प्रतिमा की मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष ने बीमारी को मौत का कारण बताते हुए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली। पति गजराज सिंह और परिवार के लोग शव को अर्थी में लेकर श्मशान घाट पहुंच गए थे। मुखाग्नि की प्रक्रिया शुरू होने ही वाली थी कि तभी मृतका के पिता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और अंतिम संस्कार रुकवा दिया।
पिता ने लगाए दहेज हत्या के गंभीर आरोप
उत्तर प्रदेश से कोटा पहुंचे मृतका के पिता सत्येंद्र सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिमा और गजराज की शादी छह साल पहले हुई थी। शादी के इतने समय बाद भी संतान न होने के कारण ससुराल वाले प्रतिमा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। साथ ही अतिरिक्त दहेज की मांग भी की जा रही थी। पिता ने आशंका जताई कि बीमारी का बहाना बनाकर उनकी बेटी की हत्या की गई है। उनके आरोपों के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
पति ने कहा- बीमारी से हुई मौत
दूसरी ओर, पति गजराज सिंह ने सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि प्रतिमा के पेट में गंभीर गांठ थी और इसी कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की देखरेख में इलाज के दौरान उसकी प्राकृतिक मौत हुई है। गजराज ने दहेज मांगने या प्रताड़ना देने की बात से साफ इनकार किया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
गुमानपुरा थानाधिकारी महेश कारवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए श्मशान से शव को कब्जे में लेकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया। रविवार को मेडिकल बोर्ड के जरिए पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला दर्ज कर लिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
