मंदिर की गरिमा सबसे ऊपर… नॉनवेज विवाद के बाद महंत ने अपने ही बेटे पुजारी को सेवा से हटाया

कानपुर के भूतेश्वर धाम मंदिर के पुजारी की मांसाहारी भोजन करते हुए कथित तस्वीर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। मंदिर के महंत ने उन्हें सेवा से हटा दिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Mar 11, 2026 - 11:23
 0
मंदिर की गरिमा सबसे ऊपर… नॉनवेज विवाद के बाद महंत ने अपने ही बेटे पुजारी को सेवा से हटाया

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक मंदिर के पुजारी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बाबा श्री भूतेश्वर धाम मंदिर, केशवपुरम के पुजारी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंदिर परिसर में हंगामा मच गया। आरोप है कि तस्वीर में पुजारी कथित तौर पर मांसाहारी भोजन करते हुए दिखाई दे रहे थे। इस घटना के बाद मंदिर के महंत और पुजारी के पिता ने उन्हें मंदिर की सेवाओं से निष्कासित कर दिया है। विवाद बढ़ने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

तस्वीर वायरल होते ही मंदिर में जुटी भीड़
बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार रात की है। जैसे ही पुजारी प्रशांत गिरी उर्फ गोलू पंडित की कथित तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई, मंदिर परिसर में करीब 50 से 60 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने पुजारी को मंदिर से बाहर खींच लिया और उनके साथ मारपीट की। मंदिर के महंत संतोष गिरी के अनुसार जब उनकी पत्नी और बहू ने प्रशांत को बचाने की कोशिश की, तो भीड़ ने उनके साथ भी बदसलूकी की। इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव का माहौल बन गया।

महंत ने बेटे को सेवा से हटाया
मंदिर के मुख्य पुजारी और महंत संतोष गिरी ने साफ कहा कि मंदिर की मर्यादा और गरिमा सबसे ऊपर है। उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें यह जानकारी मिली कि उनके बेटे ने मांसाहारी भोजन किया है, उन्होंने तुरंत उसे मंदिर की सेवा से हटा दिया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है और मारपीट करने वाले कुछ स्थानीय युवकों के खिलाफ भी उन्होंने नाराजगी जताई है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शांति भंग करने की धाराओं में पुजारी प्रशांत गिरी के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई शुरू कर दी है। महंत संतोष गिरी का कहना है कि पुलिस कार्रवाई के बाद से उनका बेटा लापता है और फिलहाल उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। पुलिस ने मंदिर के आसपास सुरक्षा के इंतजाम भी बढ़ा दिए हैं ताकि किसी तरह की और अप्रिय घटना न हो। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तस्वीर से जुड़ा विवाद कैसे शुरू हुआ और घटना में शामिल लोगों की क्या भूमिका रही।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।