पहले मनाई शादी की सालगिरह, फिर 24 घंटे बाद उठा लिया खौफनाक कदम… सुसाइड नोट पढ़कर रो पड़ा परिवार

हरदोई में शादी की पहली सालगिरह के 24 घंटे बाद विवाहिता ने आत्महत्या कर ली। मौके से मिले भावुक सुसाइड नोट ने पूरे मामले को और संवेदनशील बना दिया है।

Mar 10, 2026 - 14:14
 0
पहले मनाई शादी की सालगिरह, फिर 24 घंटे बाद उठा लिया खौफनाक कदम… सुसाइड नोट पढ़कर रो पड़ा परिवार

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक 23 वर्षीय विवाहिता ने अपनी शादी की पहली सालगिरह मनाने के ठीक 24 घंटे बाद आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका ने मरने से पहले एक भावुक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपने पति से अपनी डेढ़ महीने की मासूम बेटी का ख्याल रखने की गुहार लगाई है। इस नोट को पढ़कर हर किसी की आंखें नम हो गईं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

सालगिरह मनाने के अगले दिन उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के अनुसार, हरदोई जिले के अजमतपुर गांव के रहने वाले विशाल और प्रियंका की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। शनिवार को दोनों ने अपनी पहली शादी की सालगिरह पूरे उत्साह के साथ मनाई थी। लेकिन किसी को अंदाजा भी नहीं था कि अगले ही दिन इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। रविवार दोपहर के समय घर के पुरुष काम पर चले गए थे और महिलाएं बकरी चराने बाहर गई थीं। इसी दौरान प्रियंका ने घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

ननद ने देखा तो सामने आया दर्दनाक दृश्य
कुछ देर बाद जब घर की ननद वापस लौटी, तो उसने डेढ़ महीने की बच्ची को जोर-जोर से रोते हुए देखा। जब उसने कमरे में झांककर देखा तो प्रियंका का शव फंदे से लटक रहा था। यह दृश्य देखकर घर में हड़कंप मच गया और परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सुसाइड नोट ने सबको कर दिया भावुक
पुलिस को मौके से प्रियंका का एक सुसाइड नोट भी मिला है। इस नोट में प्रियंका ने लिखा है, मेरी प्यारी बिटिया का ध्यान रखना। कुछ समझ नहीं आया और तुम कुछ मत करना, वरना बिट्टी का ख्याल कौन करेगा। खुशी से रहना यार। ओके बाय। नोट के अंत में उसने बाबू जी भी लिखा है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।

हत्या या आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
इस घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। मृतका की मां गीता का आरोप है कि विशाल दहेज में बाइक और सोने की चेन की मांग करता था और इसी कारण प्रियंका को प्रताड़ित करता था। उनका कहना है कि प्रियंका की हत्या की गई है। वहीं पति विशाल का कहना है कि प्रियंका मानसिक तनाव में थी और उसी कारण उसने यह कदम उठाया। अतरौली थाना प्रभारी सतीश चंद्र ने बताया कि पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। नोट की हैंडराइटिंग का मिलान कराया जाएगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और वजह है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।