ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सिलिंडर ब्लास्ट से मची अफरातफरी, रेस्टोरेंट में लगी आग, चार लोग घायल

ग्रेटर नोएडा पश्चिम में कोको काउंटी सोसाइटी के पास एक रेस्तरां में अचानक एलपीजी सिलेंडर फटने से चार लोग घायल हो गए। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जांच जारी है।

Feb 21, 2026 - 08:14
 0
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सिलिंडर ब्लास्ट से मची अफरातफरी, रेस्टोरेंट में लगी आग, चार लोग घायल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। सेक्टर-10 स्थित कोको काउंटी सोसायटी के पास मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में बने नागपाल रेस्टोरेंट में एलपीजी सिलिंडर में तेज धमाका होने के बाद अचानक आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। आग तेजी से फैल गई, जिससे रेस्टोरेंट में काम कर रहे दो कर्मचारी झुलस गए। वहीं, भागने के दौरान एक महिला और 17 साल का किशोर भी घायल हो गए। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सिलिंडर लीक होने से हुआ हादसा
सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:40 बजे फूड प्लाजा में सिलिंडर ब्लास्ट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि गैस सिलिंडर लीक हो रहा था, जिसके कारण रेगुलेटर में आग लग गई। आग ने तेजी से फैलकर धमाके का रूप ले लिया। धमाके से रेस्टोरेंट के शीशे भी टूट गए और दो कर्मचारी झुलस गए।

रेस्टोरेंट में मौजूद थे कई ग्राहक
हादसे के समय रेस्टोरेंट में कई लोग बैठकर खाना खा रहे थे। आग लगते ही सभी लोग घबराकर बाहर भागने लगे। इसी दौरान एक महिला और उनका बच्चा चोटिल हो गए। पुलिस भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। बिल्डिंग में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

आसपास की दुकानों को भी नुकसान
सोसायटी के निवासियों ने बताया कि दोपहर में कई लोग बच्चों को स्कूल से लेने बाहर खड़े थे। अचानक जोरदार धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। लोग अपने-अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए। धमाके से आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है।

फायर सेफ्टी पर उठे सवाल
ग्रेनो वेस्ट की कई सोसायटियों के पास कमर्शियल मार्केट बने हुए हैं, जहां बड़ी संख्या में रेस्टोरेंट, किचन और कैफे संचालित होते हैं। स्थानीय निवासी अंकिता राजपूत ने कहा कि इन मार्केट में फायर सेफ्टी के पूरे इंतजाम नहीं हैं। इससे दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों में हमेशा डर बना रहता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।