होली से पहले गोरखपुर में सख्ती 7 कुंतल संदिग्ध खोवा जब्त, मिलावटखोरों में मचा हड़कंप
होली से पहले गोरखपुर में वाहन चेकिंग के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने 7 क्विंटल संदिग्ध खोया जब्त किया। नमूनों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।
होली पर्व को देखते हुए गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग ने सघन अभियान शुरू कर दिया है। सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. सुधीर कुमार सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेन मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में तीन टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। इसी क्रम में राजघाट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर इलाके में तड़के सुबह एक बड़ी कार्रवाई की गई, जहां वाहन चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध खोवा बरामद हुआ।
वाहन चेकिंग में पकड़ा गया 7 कुंतल खोवा
मिर्जापुर इलाके में सुबह करीब 4 बजे चेकिंग के दौरान एक बोलेरो गाड़ी को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 14 बोरी खोवा बरामद हुआ। अधिकारियों के अनुसार, इसका वजन लगभग 7 कुंतल बताया जा रहा है। पहली नजर में ही खोवा की गुणवत्ता संदिग्ध लगी, जिसके बाद पूरी खेप को मौके पर ही जब्त कर लिया गया। फिलहाल खोवा के मालिक का पता नहीं चल सका है।
नमूने भेजे जाएंगे जांच के लिए
अधिकारियों ने बताया कि जब खोवा का मालिक सामने आएगा, तब विधिवत नमूना लेकर उसे प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि शासन के निर्देश पर और होली के मद्देनजर आम लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
मिलावटखोरों में हड़कंप, सघन चेकिंग जारी
लगातार हो रही छापेमारी से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है। फूड विभाग की टीमें बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और प्राइवेट बस स्टैंड पर भी सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं। अधिकारियों ने साफ कहा है कि किसी भी हाल में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। त्योहार के दौरान आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
