सगाई से ठीक पहले दूल्हे की प्रेमिका का फोन, 6 साल के रिश्ते का खुलासा होते ही टूटी शादी
गोरखपुर में सगाई समारोह रद्द कर दिया गया, जब दूल्हे की प्रेमिका होने का दावा करने वाली एक महिला ने दुल्हन के परिवार को फोन करके छह साल के रिश्ते का खुलासा किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां सगाई के ठीक पहले दूल्हा पक्ष कार्यक्रम में नहीं पहुंचा। लड़की वाले मैरिज हॉल में इंतजार करते रहे, लेकिन कोई नहीं आया। जब लड़के के मोबाइल नंबर पर फोन किया गया तो एक लड़की ने कॉल उठाई और खुद को लड़के की प्रेमिका बताया। उसने कहा कि पिछले छह साल से उसका संबंध है और वह तीन बार अबॉर्शन भी करा चुकी है। यह सुनकर लड़की पक्ष के होश उड़ गए।
डाक विभाग में कार्यरत है सौरभ चौहान
मामला पीपीगंज थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव का है। अखिलेश कुमार ने अपनी बहन की शादी सियर गांव निवासी सौरभ चौहान से तय की थी। सौरभ डाक विभाग में काम करता है। शादी में 6 लाख रुपये नकद, एक सोने की चेन और अंगूठी तय हुई थी। 3 लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे। 13 फरवरी को पीपीगंज के एक मैरिज हॉल में सगाई होनी थी और मई में शादी तय थी।
व्हाट्सऐप पर भेजे सबूत
सगाई वाले दिन जब लड़का पक्ष नहीं पहुंचा तो फोन करने पर एक लड़की ने कहा, “सौरभ सिर्फ मेरा है, उससे किसी और की शादी न कराएं।” उसने व्हाट्सऐप पर फोटो, मैसेज और चैटिंग के सबूत भी भेजे। प्रेमिका ने बताया कि शादी की बात पता चलने पर उसने सौरभ का फोन छीन लिया था, हालांकि बाद में घरवालों ने फोन वापस ले लिया, लेकिन सिम उसके पास है।
पंचायत के बाद बढ़ा विवाद
लड़की के भाई ने लड़के के पिता इंद्रजीत को फोन कर जानकारी दी, लेकिन उन्होंने कुछ कहने से बचते हुए कॉल काट दिया। बाद में दोनों पक्षों में पंचायत हुई। लड़के ने प्रेम संबंध की बात स्वीकार की। लड़की पक्ष ने रिश्ता तोड़ते हुए दिए गए पैसे और खर्च वापस मांगे। आरोप है कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। मामला थाने पहुंचा।
पुलिस जांच में जुटी
पीपीगंज थाना प्रभारी ने बताया कि लड़की पक्ष से तहरीर मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। कोशिश है कि बातचीत से मामला सुलझ जाए, अन्यथा मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
