AIIMS गोरखपुर में नागालैंड की लेडी डॉक्टर से बैड टच पर हंगामा, मेघालय के CM ने कहा- बेहद शर्मनाक घटना
गोरखपुर में एम्स की नागालैंड निवासी महिला डॉक्टर से छेड़खानी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। मेघालय के मुख्यमंत्री ने घटना को शर्मनाक बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एम्स की एक महिला डॉक्टर के साथ छेड़खानी और नस्लीय टिप्पणी का मामला सामने आने के बाद अब यह मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया है। पीड़िता नागालैंड की रहने वाली रेजिडेंट डॉक्टर हैं। घटना 22 फरवरी की रात उस समय हुई जब वह ओरियन मॉल से लौट रही थीं। आरोप है कि तीन युवकों ने उनका पीछा किया, अभद्र टिप्पणियां कीं और एम्स गेट के पास बैड टच किया। इस मामले पर मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड कोंगकल संगमा ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
डेढ़ किलोमीटर तक पीछा, गंदे कमेंट और बैड टच
जानकारी के अनुसार महिला डॉक्टर सोमवार को शहर के ओरियन मॉल से लौट रही थीं। इसी दौरान तीन युवक उनका करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा करते रहे और गंदे कमेंट करते रहे। आरोप है कि एक युवक ने डराने के लिए अपनी शर्ट तक उतार दी। जब डॉक्टर एम्स के गेट नंबर 2 के पास सेना शिविर के नजदीक पहुंचीं, तब एक आरोपी ने उन्हें गलत तरीके से छू लिया। पीड़िता के चिल्लाने पर तीनों मौके से भाग गए। घटना रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है।
नाफोर्ड में शिकायत, CM ऑफिस को टैग कर उठाई आवाज
कैंपस पहुंचने के बाद पीड़िता ने नॉर्थ ईस्ट फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स (NAFORD) में शिकायत की। इसके बाद संगठन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय को टैग किया और कार्रवाई की मांग की। नाफोर्ड ने बताया कि तीसरे वर्ष की प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर के साथ गंभीर नस्लीय और यौन उत्पीड़न हुआ है। संगठन के अध्यक्ष डॉ. देवेश दुबे ने कहा कि मामले को लेकर पत्र जारी कर संबंधित अधिकारियों को भेजा जा रहा है।
मेघालय CM का बयान, कार्रवाई की मांग
मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर इस घटना को बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने लिखा कि उत्तर-पूर्व की महिलाओं के साथ नस्लीय भेदभाव और यौन उत्पीड़न को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया और कहा कि महिलाएं किसी की बहन-बेटी हैं, उनकी गरिमा का सम्मान होना चाहिए।
FIR दर्ज, दो आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में एम्स थाने में डॉक्टर की तहरीर पर FIR दर्ज कर ली गई है। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर एक बाइक चिन्हित की गई है। पुलिस ने देर शाम दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी पहचान देवरिया के सूरज गुप्ता और अमृत विश्वकर्मा के रूप में हुई है। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
(रिपोर्टः संदीप शुक्ला, लखनऊ)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
