तस्करी के काले धंधे पर बड़ा प्रहार: कोडीन सिरप गिरोह के आरोपी की ₹2 करोड़ से ज्यादा संपत्ति जब्त

गाजियाबाद पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत कोडीन सिरप की तस्करी के मामले में आरोपी सौरभ त्यागी की 2 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की।

Feb 21, 2026 - 08:03
 0
तस्करी के काले धंधे पर बड़ा प्रहार: कोडीन सिरप गिरोह के आरोपी की ₹2 करोड़ से ज्यादा संपत्ति जब्त

गाजियाबाद में प्रतिबंधित कोडीन युक्त सिरप की कालाबाजारी और तस्करी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले के मुख्य आरोपी सौरव त्यागी की करीब दो करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, यह संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित की गई थी। जब आय का विवरण जांचा गया तो सामने आया कि पिछले पांच साल में उसकी कुल आय 59,78,620 रुपये थी, जबकि उसने अपने और अपनी पत्नी के नाम पर दो करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति बना ली थी।

एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है और गाजियाबाद में इस तरह की संपत्ति जब्ती की यह पहली कार्रवाई है। जांच में पाया गया कि आरोपी ने सिरप की तस्करी से कमाए गए अवैध धन से संपत्ति खरीदी थी। पुलिस अब अन्य आरोपियों की संपत्ति की भी पहचान कर रही है।

चार ट्रकों से करोड़ों का सिरप बरामद
डीसीपी सिटी एवं मुख्यालय धवल जायसवाल ने बताया कि 4 नवंबर को क्राइम ब्रांच और नंदग्राम पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की थी। इस दौरान चार ट्रकों से कोडीन युक्त सिरप बरामद किया गया और आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 3.40 करोड़ रुपये कीमत का सिरप, एक कार, 20 लाख रुपये नकद, दो लैपटॉप, 10 मोबाइल फोन, फर्जी सिम कार्ड, मुहर और अन्य सामान भी बरामद किया था।

कौन-कौन सी संपत्ति जब्त हुई
पुलिस ने इंदिरापुरम शक्ति खंड-2 स्थित कृष्णा अपरा डी-मॉल में 44.62 लाख रुपये कीमत की एक दुकान जब्त की है। इसके अलावा एरोस मार्केट प्लेट, शक्ति खंड-2 में 67 लाख रुपये कीमत की एक दुकान और न्याय खंड-1 में 23.44 लाख रुपये कीमत की एक व्यावसायिक दुकान भी जब्त की गई है। साथ ही 5 लाख, 6.89 लाख, 7.70 लाख और 15.43 लाख रुपये कीमत की चार अलग-अलग कारें भी जब्त की गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।