पैरों को गर्म पानी में डुबोने से मिल सकती है राहत: तनाव कम करने और बॉडी डिटॉक्स का आसान तरीका
जानिए कैसे गर्म पानी में एप्सम सॉल्ट और सेब के सिरके के साथ पैर भिगोने से शरीर को आराम मिल सकता है, तनाव कम हो सकता है और डिटॉक्स में मदद मिल सकती है।
आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव लगभग हर व्यक्ति की समस्या बन गया है। काम का दबाव, खराब खानपान और अनियमित लाइफस्टाइल के कारण शरीर पर बुरा असर पड़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि तनाव के कारण शरीर में कई तरह की बीमारियां जन्म ले सकती हैं। ऐसे में समय-समय पर शरीर को डिटॉक्स करना बहुत जरूरी माना जाता है। कुछ लोग इसके लिए योग, व्यायाम या खास डाइट अपनाते हैं। वहीं एक आसान तरीका पैरों को आराम देकर शरीर और दिमाग को रिलैक्स करना भी बताया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार हमारे पैरों में लगभग 7 हजार से ज्यादा नर्व्स होती हैं और इनमें कुछ ऐसे पोर्स होते हैं जो सीधे लिम्फैटिक सिस्टम तक जुड़े होते हैं। इसी वजह से पैरों के जरिए शरीर को डिटॉक्स करने की प्रक्रिया आसान हो सकती है।
पैरों के जरिए बॉडी डिटॉक्स करने का तरीका
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram पर अमेरिका की एक महिला केमिली रोचेस्टर ने बॉडी डिटॉक्स से जुड़ा एक आसान तरीका साझा किया है। उन्होंने बताया कि केवल तीन चीजों की मदद से तैयार किए गए खास पानी में रोजाना करीब 20 मिनट तक पैरों को डुबाकर रखने से शरीर को राहत मिल सकती है। उनके अनुसार पैरों के पोर्स के जरिए शरीर में जमा गंदगी या टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद मिलती है। इससे पैरों के साथ-साथ पूरे शरीर को आराम महसूस होता है।
गर्म पानी में मिलाएं ये तीन चीजें
कैमिले रोचेस्टर के मुताबिक इस प्रक्रिया के लिए सबसे पहले एक टब में उतना गर्म पानी लें जितना आपके पैर आसानी से सह सकें। गर्म पानी की वजह से पैरों के पोर्स खुल जाते हैं और लिम्फ का मूवमेंट बेहतर होता है। इसके बाद इस पानी में एक कप एप्सम सॉल्ट मिलाएं। इसमें मौजूद मैग्नीशियम शरीर से हैवी मेटल्स को बाहर निकालने में मदद करता है और मांसपेशियों को आराम देता है। इसके बाद पानी में एक कप एप्पल साइडर विनेगर मिलाया जाता है। यह त्वचा के पीएच लेवल को संतुलित करता है और टिशूज में जमा टॉक्सिन्स को ढीला करने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें थोड़ा रोजमेरी, लेवेंडर या अदरक भी मिलाया जा सकता है, जिससे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है। तैयार पानी में पैरों को लगभग 20 मिनट तक डुबोकर रखना चाहिए।
पैरों की हल्की मसाज भी है जरूरी
पानी से पैर निकालने के बाद उन्हें सूखे ब्रश की मदद से हल्के हाथों से दिल की दिशा में मसाज करने की सलाह दी जाती है। यह प्रक्रिया बहुत जरूरी मानी जाती है, लेकिन कई लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसा करने से शरीर को ज्यादा आराम मिलता है। इस तरीके से नींद बेहतर हो सकती है, तनाव कम होता है और शरीर ज्यादा रिलैक्स महसूस करता है। खासतौर पर दिमाग को इससे काफी सुकून मिलता है और व्यक्ति मानसिक रूप से भी हल्का महसूस कर सकता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
