टिफिन की जगह पन्नी में दी मिठाई, फिर लड़की वालों ने बेल्ट-डंडों से कर दी दूल्हे के घर वालों की कुटाई
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के इटावा में तिलक समारोह के दौरान लड्डू बंटवारे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट हो गई। लड़की पक्ष पर बेल्ट-डंडों से हमला करने का आरोप है। कई लोग घायल हुए और शादी कैंसिल हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Etawah News: इटावा जिले के बसरेहर थाना क्षेत्र के सरैया ताड़ गांव में एक तिलक समारोह अचानक हिंसा में बदल गया। मामूली सी बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में चर्चा और तनाव दोनों बढ़ गए हैं।
लड्डू बंटवारे से शुरू हुआ विवाद, मामला बिगड़ता गया
मामला 18 अप्रैल की रात करीब 12 बजे का बताया जा रहा है। मलाजनी गांव के ब्रजेश कुमार कठेरिया अपनी बेटी का तिलक लेकर सरैया ताड़ गांव में रवींद्र सिंह कठेरिया के घर पहुंचे थे। तिलक की रस्म पूरी होने के बाद लड़के पक्ष के लोग लड्डू बांट रहे थे। इसी दौरान लड्डू टिफिन में मांगने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और माहौल अचानक बिगड़ गया।
बेल्ट और डंडों से हमला, महिलाएं भी हुईं घायल
देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। वायरल वीडियो में लड़की पक्ष के लोग बेल्ट और लाठी-डंडों से लड़के पक्ष के पुरुषों और महिलाओं पर हमला करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान महिलाएं अपनी जान बचाने के लिए सड़क पर भागती दिखीं। इस झगड़े में तीन महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए।
शादी कैंसिल, पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद 19 अप्रैल को होने वाली बारात रोक दी गई और बाद में लड़की पक्ष ने शादी ही कहीं और कर दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही लड़की पक्ष मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घायल महिला का मेडिकल कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान और आगे की कार्रवाई
थाना प्रभारी महेश चंद के अनुसार, यह घटना दो दिन पहले रात में हुई थी। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांच में है और वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
