अयोध्या को विश्व विरासत शहर बनाने की मांग तेज, UNESCO सूची में शामिल करने के लिए सौंपा गया ज्ञापन
अयोध्या के तीव्र विकास और सांस्कृतिक महत्व को उजागर करते हुए, इसे यूनेस्को की विश्व धरोहर शहर सूची में शामिल करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है।
अयोध्या को “भारत की धार्मिक राजधानी” के रूप में स्थापित करने और इसे विश्व विरासत शहर की सूची में शामिल करने की मांग तेज हो गई है। पुनर्जागरण संस्थान के अध्यक्ष आलोक सिंह राना ने इस संबंध में मंडलायुक्तराजेश कुमार से मुलाकात कर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में अयोध्या के तेजी से हो रहे विकास को एक सुनियोजित और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से आगे बढ़ाने की बात कही गई है, ताकि शहर को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सके।
तेजी से हो रहा विकास, लेकिन चाहिए सुनियोजन
आलोक सिंह राना ने कहा कि अयोध्या पहले से ही एक वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में जानी जाती है। यहां राम पथ, भक्ति पथ, धर्म पथ, श्रीराम जन्मभूमि पथ, आस्था पथ और भारत पथ जैसे कई बड़े कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं। उनका मानना है कि इन सभी परियोजनाओं को केवल बुनियादी ढांचे के रूप में नहीं, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक अनुभव के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
‘लिविंग रामायण एक्सपीरियंस सिटी’ का प्रस्ताव
राना ने सुझाव दिया कि अयोध्या को एक “लिविंग रामायण एक्सपीरियंस सिटी” के रूप में विकसित किया जाए। इसके तहत घाटों का पुनरोद्धार, आधुनिक सुविधाएं, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और शहर के विस्तार को एक साथ जोड़कर काम किया जाए। इससे विकास और परंपरा के बीच संतुलन बना रहेगा।
विरासत और आधुनिकता का संतुलन जरूरी
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि शहर में हो रहे नए निर्माण कार्यों में एक समान फसाड डिजाइन लागू किया जाए। साथ ही, लाइटिंग, साइनज, मूर्तिकला और सार्वजनिक स्थानों को रामायण थीम से जोड़ा जाए। इससे शहर की पहचान और मजबूत होगी और प्राचीन धरोहरों को भी सम्मान मिलेगा।
यूनेस्को सूची में शामिल कराने की मांग
आलोक सिंह राना ने प्रशासन से आग्रह किया है कि अयोध्या को UNESCO की विश्व विरासत नगर सूची में शामिल कराने के लिए औपचारिक प्रक्रिया शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि शुरुआत में अयोध्या का नाम टेंटेटिव लिस्ट में शामिल किया जाए, ताकि आगे चलकर इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संरक्षण और पहचान मिल सके।
(रिपोर्टः अनूप कुमार अयोध्या)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
