'12 बजे उठने वाले बबुआ गरीबों का दर्द क्या समझेंगे' पीलीभीत से योगी का अखिलेश पर बड़ा हमला, बोले- साइकिल चली तो फिर दंगे होंगे
पीलीभीत में योगी ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि 12 बजे सोकर उठने वाले बबुआ गरीबों की पीड़ा क्या समझेंगे। इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी पर कानून व्यवस्था, दंगे, तुष्टीकरण, जमीन कब्जाने और विकास रोकने जैसे कई गंभीर आरोप लगाए। आखिर योगी के भाषण में क्या-क्या कहा गया, किन दावों और आरोपों से छिड़ी सियासी बहस...
उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। सोमवार को पीलीभीत पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और नागरिकता प्रमाण-पत्र वितरण कार्यक्रम को विपक्ष पर राजनीतिक हमले का मंच बना दिया। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर गरीबों, दलितों और शरणार्थी परिवारों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया, वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत तंज कसते हुए कहा कि 12 बजे सोकर उठने वाले बबुआ गरीबों की पीड़ा कब सुनेंगे? मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने गरीबों के दर्द को समझते हुए उन्हें जमीन का मालिकाना हक और नागरिकता दिलाने का काम किया है, जबकि पिछली सरकारों ने दशकों तक इन परिवारों को अधिकारों से वंचित रखा।
हजारों परिवारों को सौंपे दस्तावेज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह बरेली एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से हेलीकॉप्टर के जरिए पीलीभीत के बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र स्थित पतरासा कुंवरपुर गांव पहुंचे। यहां उनका बंगाली परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। उन्होंने जिले की 569.11 करोड़ रुपये लागत की 66 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही करीब 2500 बंगाली और पूर्वांचल के परिवारों को जमीन के मालिकाना हक से जुड़े दस्तावेज सौंपे, जबकि 106 लोगों को भारतीय नागरिकता प्रमाण-पत्र भी वितरित किए।
'56 साल का इंतजार खत्म हुआ'
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1971 के दौरान बांग्लादेश से प्रताड़ित होकर भारत आए हिंदू, बौद्ध, सिख और जैन परिवार दशकों से अपने अधिकारों का इंतजार कर रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन परिवारों को अब नागरिकता और सम्मानजनक जीवन का अधिकार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि अब इन परिवारों को पुलिस, राजस्व या वन विभाग के उत्पीड़न का सामना नहीं करना पड़ेगा और कोई भी उन्हें यहां से बेदखल नहीं कर सकेगा।
'12 बजे उठेंगे तो गरीबों की सुनेंगे कब?'
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को कई बार सत्ता में रहने का मौका मिला, लेकिन गरीबों की चिंता कभी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि ये गरीबों की बात तब सुनते, जब बबुआ को समय से उठने की आदत होती। 12 बजे सोकर उठेंगे, 2 बजे तैयार होंगे और फिर 5 बजे जिम चले जाएंगे, तो गरीबों की पीड़ा सुनने का समय कहां मिलेगा? मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गरीबों के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है, जबकि विपक्ष केवल राजनीति करने में व्यस्त रहा।
'सपा और कांग्रेस को रही सिर्फ तुष्टीकरण की चिंता'
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया कि उन्होंने वर्षों तक केवल तुष्टीकरण की राजनीति की। उनके अनुसार विभाजन के बाद भारत आए हिंदू, सिख, बौद्ध और जैन समुदाय के लोगों को उनका अधिकार दिलाने की दिशा में किसी ने काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को आज जमीन के पट्टे और नागरिकता प्रमाण-पत्र मिल रहे हैं, उनमें बड़ी संख्या दलित, पिछड़े और वंचित वर्ग के लोगों की है। इतने वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद विपक्ष ने कभी इनके अधिकारों की लड़ाई नहीं लड़ी।
'बबुआ के एजेंडे में सिर्फ सैफई रहा'
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी ने विकास पर ध्यान दिया होता तो पीलीभीत में पहले ही मेडिकल कॉलेज बन गया होता, यहां की बांसुरी को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल चुकी होती और टाइगर रिजर्व को भी वैश्विक स्तर पर प्रचार मिलता। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य प्रदेश के करीब 55 हजार ऐसे परिवारों को अधिकार दिलाना है, जो वर्षों से सरकारी व्यवस्था के बीच फंसे हुए हैं।
'साइकिल चलेगी तो दंगे होंगे'
मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता ने सपा की साइकिल इसलिए पंचर कर दी क्योंकि अगर वह फिर चली तो प्रदेश में दंगे, उपद्रव और कर्फ्यू का दौर लौट आएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में अपराधियों का मनोबल बढ़ा, बेटियों की सुरक्षा खतरे में रही और व्यापारियों से लूटपाट होती थी, जबकि मौजूदा सरकार कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
'पहले कट्टा बनता था, अब ब्रह्मोस बन रही है'
रक्षा उत्पादन का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज डिफेंस कॉरिडोर के जरिए देश की रक्षा क्षमता मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है, जबकि पहले की सरकारों के समय कट्टा और बम बनाने वालों को संरक्षण मिलता था। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश विकास, निवेश और राष्ट्रीय सुरक्षा के नए मॉडल के रूप में आगे बढ़ रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
