योगी सरकार में 6 नए मंत्रियों की एंट्री… 2027 के लिए BJP का जातीय मास्टरस्ट्रोक, देखें पूरी लिस्ट
Yogi Cabinet New Ministers: उत्तर प्रदेश में आज योगी सरकार की कैबिनेट का दूसरा विस्तार होगा। छह नए मंत्री शपथ लेंगे। इसमें भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडे, कृष्णा पासवान समेत कई बड़े चेहरे शामिल हैं। जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश के बीच यह विस्तार 2027 चुनाव से पहले बेहद अहम माना जा रहा है।
UP Cabinet Expansion 2026: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आज बड़ा दिन माना जा रहा है। योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट का दूसरी बार विस्तार होने जा रहा है। दोपहर 3 बजे छह नए मंत्री मंत्रीमंडल में शामिल होकर शपथ लेंगे। इस विस्तार को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक और जातीय संतुलन साधने की बड़ी कोशिश माना जा रहा है। नए मंत्रियों में भूपेंद्र चौधरी, मनोज पांडे, कृष्णा पासवान, हंसराज विश्वकर्मा, कैलाश राजपूत और सुरेंद्र दिलेर के नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि नए चेहरों में 1 ब्राह्मण, 3 ओबीसी और 2 दलित समाज से हैं। इससे साफ संकेत मिल रहा है कि बीजेपी सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने पर फोकस कर रही है।
भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडे जैसे बड़े नेताओं को मिली जगह
पूर्व यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को कैबिनेट में शामिल किया जा रहा है। वह पश्चिमी यूपी के बड़े जाट नेता माने जाते हैं और मुरादाबाद से आते हैं। संगठन में उनकी मजबूत पकड़ रही है। वह पहले पंचायती राज मंत्री भी रह चुके हैं। भूपेंद्र चौधरी पहली बार 2016 में एमएलसी बने थे और 2022 में दोबारा मनोनीत हुए। वहीं रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक मनोज पांडे भी मंत्री बनाए जाएंगे। वह पहले समाजवादी पार्टी में थे और अखिलेश यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। साल 2024 में उन्होंने सपा छोड़ बीजेपी जॉइन की थी। ब्राह्मण चेहरे के तौर पर उनकी एंट्री को काफी अहम माना जा रहा है।
दलित और ओबीसी चेहरों पर बीजेपी का बड़ा दांव
फतेहपुर की खागा सीट से विधायक कृष्णा पासवान को भी मंत्री बनाया जा रहा है। वह चार बार विधायक रह चुकी हैं और दलित महिला चेहरे के रूप में उनकी पहचान मजबूत मानी जाती है। हाल ही में सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांचने के लिए फावड़े से सड़क खोदने वाला उनका वीडियो काफी वायरल हुआ था। वाराणसी बीजेपी जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा भी मंत्रिमंडल में शामिल होंगे। वह बूथ कार्यकर्ता से यहां तक पहुंचे हैं और विश्वकर्मा समाज के बड़े ओबीसी चेहरे माने जाते हैं। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी नेताओं में भी गिना जाता है।
सबसे युवा मंत्री होंगे सुरेंद्र दिलेर
कन्नौज की तिर्वा सीट से विधायक कैलाश राजपूत को भी कैबिनेट में जगह मिली है। वह लोधी समाज से आते हैं और ओबीसी राजनीति में मजबूत पकड़ रखते हैं। वहीं अलीगढ़ की खैर सीट से विधायक सुरेंद्र दिलेर सबसे युवा मंत्री होंगे। उनकी उम्र सिर्फ 31 साल है। वह पहली बार 2024 के उपचुनाव में विधायक बने थे। राजनीति उन्हें विरासत में मिली है। उनके दादा किसान लाल दिलेर चार बार सांसद और पांच बार विधायक रहे थे, जबकि उनके पिता राजवीर दिलेर भी सांसद और विधायक रह चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम साढ़े तीन बजे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद साढ़े चार बजे लोकभवन में फिल्म ‘कृष्णावतारम’ की स्क्रीनिंग देखेंगे। इस दौरान राज्यपाल और सभी मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
