डकैती-हत्या का आरोपी भागते-भागते पहुंचा शिवपुरी, गांव वालों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया
शिवपुरी में ग्रामीणों की मदद से यूपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। झांसी में वांटेड अपराधी फईम खान को भागते समय ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। आरोपी हत्या और डकैती जैसे मामलों में वांटेड था और हाल ही में पैरोल पर बाहर आया था।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में ग्रामीणों की सतर्कता और बहादुरी से यूपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खनियाधाना थाना क्षेत्र के एक खेत में पुलिस से बचकर भाग रहा एक अपराधी गांव वालों के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों ने न सिर्फ उसे पकड़ लिया, बल्कि बाद में झांसी पुलिस को सौंप दिया। आरोपी अपनी कार से भाग रहा था और पुलिस उसका पीछा कर रही थी।
पीछा करते-करते खेत में पहुंची पुलिस
जानकारी के अनुसार, आरोपी पुलिस से बचने के लिए तेज रफ्तार में भाग रहा था। इसी दौरान उसकी कार खेत में बनी एक पुलिया से टकरा गई। पीछे से आ रही पुलिस की गाड़ी भी संतुलन खो बैठी और नहर किनारे झाड़ियों में फंस गई। इस अफरातफरी के बीच आरोपी मौका देखकर भागने लगा।
बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने पकड़ा
आरोपी को भागते देख गांव वालों को लगा कि कोई बच्चा चोर भाग रहा है। जिला पंचायत सदस्य सियाराम लोधी ने सबसे पहले उसे पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने मिलकर आरोपी को घेर लिया। कार में मौजूद एक महिला समेत दो अन्य लोगों को भी रोक लिया गया।
झांसी पुलिस को सौंपा गया आरोपी
कुछ देर बाद झांसी पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस दौरान आरोपी ने ग्रामीणों के बीच खुद के एनकाउंटर का डर जताते हुए मदद की गुहार लगाई, लेकिन ग्रामीणों ने उसे तुरंत छोड़ने से इनकार कर दिया और स्थानीय पुलिस को बुलाने की बात कही। खनियाधाना थाना पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपी और उसके साथियों को झांसी पुलिस के हवाले कर दिया गया।
हत्या और डकैती के मामलों में था वांटेड
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी फईम खान दतिया जिले के निचरौली गांव का रहने वाला है। वह झांसी में लूट, डकैती और हत्या जैसे गंभीर मामलों में वांटेड था। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में ग्वालियर सेंट्रल जेल से पैरोल पर बाहर आया था। घटना के समय वह अपने माता-पिता और एक अन्य व्यक्ति के साथ दतिया से चंदेरी जा रहा था। इस घटना के बाद ग्रामीणों की बहादुरी की हर तरफ चर्चा हो रही है, वहीं पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
