'निषाद जिस नाव पर बैठता है, उसे डूबने नहीं देता...' संजय निषाद का 2027 को लेकर बड़ा दावा, बोले- मोदी-योगी के साथ पूरी ईमानदारी से खड़े हैं
संतकबीरनगर पहुंचे योगी सरकार के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने 2027 यूपी चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। बोले- निषाद जिस नाव पर बैठता है उसे डूबने नहीं देता, हम मोदी-योगी के साथ हैं और बीजेपी गठबंधन फिर सरकार बनाएगा।
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने बड़ा राजनीतिक दावा किया है। उन्होंने साफ कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी गठबंधन एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगा। संतकबीरनगर में आयोजित निषाद पार्टी के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे डॉ. संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों में जुटने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना ही आने वाले चुनाव की सबसे बड़ी तैयारी है। अपने गठबंधन को लेकर संजय निषाद ने कहा कि निषाद जिस नाव पर बैठता है, उसे डूबने नहीं देता। हम जिसके साथ रहते हैं, उसके साथ ईमानदारी से रहते हैं। आज हम मोदी-योगी के साथ हैं और 2027 में बीजेपी गठबंधन फिर चुनाव जीतेगा।
'हारी हुई सीटों पर भी करेंगे जीत का प्रयास'
2027 चुनाव को लेकर रणनीति पर बात करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछली बार गठबंधन में निषाद पार्टी को 16 सीटें मिली थीं, जिनमें पार्टी ने 11 सीटों पर जीत दर्ज की थी। उन्होंने दावा किया कि इस बार पार्टी उन सीटों पर भी मजबूती से तैयारी करेगी, जहां पिछली बार हार मिली थी। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी अपने संगठन को और मजबूत कर रही है और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका चुनाव में सबसे अहम होगी।
निषाद आरक्षण को लेकर फिर दोहराई लड़ाई
कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान डॉ. संजय निषाद ने निषाद समाज के आरक्षण के मुद्दे को भी उठाया। उन्होंने कहा कि वह सदन में एक वकील की तरह निषाद आरक्षण की लड़ाई मजबूती से लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि समय आने पर निषाद समाज को आरक्षण का लाभ जरूर मिलेगा और इसके लिए उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
'राम-राम हैं, मंदिर-मंदिर है'
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर भी डॉ. संजय निषाद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राम-राम हैं, मंदिर-मंदिर है। किसी घर में चोरी हो जाए तो घर का अस्तित्व नहीं खत्म हो जाता, जो चोरी करता है उस चोर का अस्तित्व खत्म हो जाता है। उन्होंने कहा कि चंदा चोरी मामले में जो लोग पकड़े गए हैं, उन्हें कानून और संविधान के अनुसार सजा मिलेगी। डॉ. संजय निषाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि सीएम योगी जो कहते हैं उसे करते हैं। सीएम योगी ने चंदा चोरों को पकड़वाया, उन्हें जेल भेजा और उन्हें सजा भी दिलवाएंगे।
2027 से पहले संजय निषाद के बयान के सियासी मायने
संजय निषाद का यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में सभी राजनीतिक दल 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। निषाद पार्टी प्रदेश की निषाद और अति पिछड़ा वर्ग की राजनीति में अपनी भूमिका को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। बीजेपी गठबंधन के साथ खड़े रहने का ऐलान करते हुए संजय निषाद ने एक बार फिर संकेत दिया है कि आने वाले चुनाव में उनकी पार्टी एनडीए के साथ मिलकर मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
