सलमान खान के भांजे अयान अग्निहोत्री का बॉलीवुड में धमाकेदार डेब्यू, बॉबी देओल की ‘बंदर’ में गाया पहला हिंदी गाना

सलमान खान के भतीजे अयान अग्निहोत्री ने अनुराग कश्यप द्वारा निर्देशित बॉबी देओल की आगामी फिल्म बंदर के गाने 'कम ऑन बेबी' से बॉलीवुड में पार्श्व गायक के रूप में पदार्पण किया है।

May 15, 2026 - 09:16
 0
सलमान खान के भांजे अयान अग्निहोत्री का बॉलीवुड में धमाकेदार डेब्यू, बॉबी देओल की ‘बंदर’ में गाया पहला हिंदी गाना

सलमान खान इन दिनों अपने करियर के साथ-साथ परिवार के नए कलाकारों को आगे बढ़ाने में भी लगे हुए हैं। एक तरफ उनकी फिल्म ‘मातृभूमि’ लंबे समय से चर्चा में है, जिसकी रिलीज को लेकर अभी तक कोई साफ जानकारी सामने नहीं आई है। खुद सलमान खान भी इस फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अनजान बताए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर वह निर्देशक वामशी पेडिपल्ली की नई फिल्म पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। इसी बीच खान परिवार से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। सलमान खान के भांजे अयान अग्निहोत्री ने अब बॉलीवुड में अपनी नई शुरुआत कर दी है। उन्होंने बॉबी देओल की आने वाली फिल्म ‘बंदर’ में एक गाना गाया है, जिसने रिलीज होते ही लोगों का ध्यान खींच लिया है।

5 जून को रिलीज होगी बॉबी देओल की ‘बंदर’
बॉबी देओल की अगली फिल्म ‘बंदर’ 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है। फिल्म को एक नॉन-कमर्शियल और गंभीर विषय वाली कहानी माना जा रहा है। इसमें बॉबी देओल मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। कहानी एक ऐसे स्टार के इर्द-गिर्द घूमती है जिसकी जिंदगी उस समय पूरी तरह बदल जाती है, जब उसकी एक्स गर्लफ्रेंड उस पर रेप का आरोप लगा देती है। इसके बाद कोर्टरूम ड्रामा के जरिए पूरी कहानी आगे बढ़ती है।हाल ही में फिल्म का पहला गाना और टीजर सामने आया, जिसमें ‘कम ऑन बेबी’ नाम का गाना सुनाई दिया। इस गाने ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

अयान अग्निहोत्री ने दी अपनी आवाज
इस गाने की सबसे खास बात यह रही कि इसे सलमान खान के भांजे अयान अग्निहोत्री ने गाया है। अयान को ‘अग्नि’ नाम से भी जाना जाता है। वह पहले कई इंग्लिश गाने रिलीज कर चुके हैं, लेकिन किसी हिंदी फिल्म के लिए यह उनकी पहली प्लेबैक सिंगिंग है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म के प्रोड्यूसर निखिल द्विवेदी, जो खान परिवार के करीबी दोस्त भी हैं, उन्होंने एक फंक्शन में अयान को गाते हुए सुना था। वहीं से उन्हें लगा कि अयान की आवाज इस गाने के लिए बिल्कुल अलग और फिट बैठेगी। हालांकि अयान आमतौर पर हिंदी गाने नहीं गाते, इसलिए शुरुआत में उन्हें मनाना पड़ा।

गाने को लेकर पहले रखी गई थी शर्त
बताया गया कि निखिल द्विवेदी ने अयान से साफ कहा था कि अगर गाना अच्छा नहीं लगा तो उसे फिल्म में इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। इसके बाद अयान ने गाना रिकॉर्ड किया। जब उन्होंने अपनी आवाज सुनी तो वह खुद भी खुश हो गए। वहीं बॉबी देओल ने भी गाने का शुरुआती वर्जन सुनने के बाद अयान का हौसला बढ़ाया।

पुराने गाने को किया गया रीक्रिएट
‘कम ऑन बेबी’ गाना असल में साल 1977 में आई फिल्म ‘विदेश’ के एल्बम से लिया गया है। पुराने गाने को नए अंदाज में रीक्रिएट किया गया है। उस फिल्म में महेंद्र संधू, शोमा आनंद और प्रेम किशन जैसे कलाकार नजर आए थे। अब इसी क्लासिक गाने को ‘बंदर’ में बॉबी देओल के किरदार पर फिल्माया गया है और अयान अग्निहोत्री की आवाज ने इसे नया रंग दे दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 2 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान Lucknow public College of professional studies से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।