रोते हुए बेटे से की आखिरी बात…फिर फंदे पर झूल गया JE, रामपुर सुसाइड केस ने झकझोरा

रामपुर में बिजली विभाग के जेई रविंद्र मिश्रा ने पारिवारिक विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने अपने 12 साल के बेटे से वीडियो कॉल पर बात की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

Mar 22, 2026 - 17:23
 0
रोते हुए बेटे से की आखिरी बात…फिर फंदे पर झूल गया JE, रामपुर सुसाइड केस ने झकझोरा

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) रविंद्र मिश्रा ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना से पहले उन्होंने अपने 12 साल के बेटे से वीडियो कॉल पर रोते हुए बात की थी, जिसने इस घटना को और भी भावुक बना दिया। जब तक उनके सहकर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

किराए के कमरे में अकेले रहते थे रविंद्र
जानकारी के अनुसार, रविंद्र मिश्रा मूल रूप से शाहजहांपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में रामपुर के शाहबाद में तैनात थे। वह शाहबाद थाना क्षेत्र के बिलारी मार्ग पर एक किराए के कमरे में अकेले रहते थे। पिछले 10 सालों से उनका अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था, जो अब तलाक तक पहुंच चुका था। यह मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। उनका 12 साल का बेटा अथर्व अपने ताऊ प्रभात मिश्रा के साथ रहता है।

बेटे से आखिरी बातचीत के बाद उठाया कदम
शनिवार रात करीब 11:20 बजे रविंद्र ने अपने बड़े भाई को वीडियो कॉल किया और बेटे से बात कराने को कहा। भाई ने बेटे अथर्व को फोन दे दिया। कुछ ही देर बाद बेटा घबराकर अपने ताऊ के पास पहुंचा और बताया कि उसके पिता रो रहे हैं और फांसी लगाने की कोशिश कर रहे हैं। यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया और तुरंत सहकर्मियों को सूचना दी गई।

दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे सहकर्मी
सहकर्मी जब रविंद्र के कमरे पर पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर का दृश्य देखकर सभी हैरान रह गए। रविंद्र फंदे से लटके हुए थे। उन्हें तुरंत शाहबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पारिवारिक विवाद और तनाव बना कारण
परिजनों के अनुसार, रविंद्र का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। बेटे अथर्व ने अपनी मां पर पिता को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उसने कहा कि मां अलग रहती थीं और पैसों को लेकर अक्सर झगड़ा करती थीं। बेटे ने अपनी मां के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग भी की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव को आत्म हत्या की वजह माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।