दारू छोड़ो, 80 लाख ले जाओ’… मंत्री मदन दिलावर की अनोखी शर्त सुनकर हैरान रह गए गांव वाले

कोटा जिले के भैरूपुरा गांव में मंत्री मदन दिलावर ने ग्रामीणों से अनोखे अंदाज में शराब छोड़ने की शपथ दिलवाई। बदले में उन्होंने गांव के विकास के लिए 80 लाख रुपये की घोषणा भी की।

Mar 17, 2026 - 11:12
 0
दारू छोड़ो, 80 लाख ले जाओ’… मंत्री मदन दिलावर की अनोखी शर्त सुनकर हैरान रह गए गांव वाले

राजस्थान के कोटा जिले में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने अपनी पदयात्रा के अंतिम दिन एक अनोखे तरीके से ग्रामीणों को शराब छोड़ने का संदेश दिया। सोमवार को ग्राम पंचायत बोराबास के भैरूपुरा गांव में जब उनकी पदयात्रा पहुंची तो गांव की चौपाल में महिलाओं और पुरुषों ने अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। गांव में अधिकतर लोग भील समाज से जुड़े थे। इस दौरान मंत्री ने कहा कि वे गांव की सभी मांगें पूरी करेंगे, लेकिन इसके बदले में ग्रामीणों को भी उनकी एक शर्त माननी होगी। मंत्री की यह बात सुनकर चौपाल में मौजूद लोग हैरान रह गए और उत्सुकता से उनकी शर्त जानने लगे।

अनोखे अंदाज में रखी शर्त
मंत्री की बात सुनकर ग्रामीणों के चेहरे पर हैरानी दिखी। तब मंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह कोई बड़ी चीज नहीं मांगेंगे और न ही उन्हें किसी से पैसे चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी मांगेंगे वह ग्रामीणों को देना ही होगा, तभी उनकी समस्याएं पूरी की जाएंगी। मंत्री ने वहां मौजूद सभी पुरुषों से हाथ उठाकर वचन देने को कहा कि वे उनकी मांग पूरी करेंगे। चौपाल में मौजूद सभी लोगों ने एकमत होकर हाथ उठाकर सहमति दी।

शराब छोड़ने की दिलाई शपथ
सभी की सहमति मिलने के बाद मंत्री ने अपनी मांग रखते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ एक चीज चाहिए और वह है ग्रामीणों की शराब की बोतल। उन्होंने एक लोटा पानी मंगवाया और कहा कि इस पानी को हाथ में लेकर सभी लोग शपथ लें कि आज के बाद शराब नहीं पिएंगे। भील समाज में शराब पीने की आदत आम मानी जाती है, इसलिए शुरुआत में कई लोग झिझक गए। लेकिन गांव के वरिष्ठ लोगों के समझाने के बाद एक-एक कर सभी पुरुष मंत्री के पास पहुंचे और पानी से भरा लोटा हाथ में लेकर शराब नहीं पीने की सौगंध ली।

विकास कार्यों के लिए 80 लाख रुपये की घोषणा
मंत्री ने ग्रामीणों को वचन निभाने की सलाह देते हुए कहा कि यदि किसी ने फिर से शराब पीना शुरू किया तो गांव के विकास के लिए दिया जाने वाला पैसा रोक दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने गांव के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने नाली निर्माण और सीसी रोड के लिए 30 लाख रुपये, आंगनबाड़ी भवन के लिए 35 लाख रुपये, श्मशान घाट की चारदीवारी के लिए 5 लाख रुपये और सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस तरह गांव के विकास के लिए कुल 80 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। साथ ही अधिकारियों को तुरंत काम शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।

योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि गांव में शिविर लगाकर लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना, निशुल्क गेहूं और पात्र लोगों को पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने ग्रामीणों को फिर से याद दिलाया कि उन्होंने शराब नहीं पीने का वचन दिया है। मंत्री ने कहा कि शराब किसी भी तरह से फायदेमंद नहीं होती, बल्कि परिवार को बर्बाद कर देती है। इससे आर्थिक तंगी बढ़ती है और बच्चों का भविष्य खराब हो जाता है। मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे शराब छोड़कर अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए स्कूल भेजें। उन्होंने यह भी कहा कि अब गांव के सभी लोग उनके भाई जैसे हैं और यदि किसी को बीमारी या कोई परेशानी हो तो उन्हें बताएं, वे जयपुर ले जाकर इलाज कराने में भी मदद करेंगे। बता दें कि मंत्री ने 13 मार्च को नयागांव से जन हिताय-जन सुखाय पदयात्रा शुरू की थी। चार दिन तक चली इस यात्रा का अंतिम दिन सोमवार को था। यात्रा सुबह 8 बजे डोलिया गांव से शुरू हुई और भैरूपुरा होते हुए बोराबास पहुंची, जहां मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उन्हें नशामुक्ति का संदेश दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी भारतीय पत्रकार, कंटेंट राइटर, एंकर और मीडिया प्रोफेशनल हैं। वे डिजिटल पत्रकारिता, ग्राउंड रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने Zee News, Suman TV और UP News Network जैसे मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया है। वे राजनीतिक, सामाजिक और समसामयिक विषयों पर आधारित डिजिटल कंटेंट और ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। प्रारंभिक जीवन और शिक्षा अश्वनी तिवारी का जन्म 4 फरवरी 1997 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, भेलूपुर, वाराणसी से प्राप्त की। हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट की परीक्षाएं उन्होंने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कीं। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से स्नातक (B.A.) की डिग्री प्राप्त की तथा आगे चलकर मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पूरी की। अश्वनी तिवारी ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कंटेंट राइटिंग और डिजिटल मीडिया से की। उन्होंने 10 दिसंबर 2023 से 15 मार्च 2024 तक India Watch, लखनऊ में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल मीडिया कंटेंट पर कार्य किया। इसके बाद उन्होंने 7 मई 2024 से 9 जुलाई 2024 तक Zee News, नोएडा में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की। इस दौरान वे न्यूज़ स्क्रिप्ट, डिजिटल कंटेंट और मीडिया रिसर्च से जुड़े रहे। अक्टूबर 2024 से अप्रैल 2025 तक उन्होंने Suman TV, हैदराबाद में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। यहां उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर आधारित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार किए। वर्तमान में UP News Network से सब एडिटर के रूप में जुड़े, जहां उन्होंने कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग का कार्य किया। इस दौरान वे ‘खरी खोटी’ नामक विशेष शो का भी हिस्सा रहे। उन्होंने कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग तथा वीडियो प्रस्तुति की। वर्तमान में अश्वनी तिवारी मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अश्वनी तिवारी डिजिटल पत्रकारिता और न्यूज़ प्रोडक्शन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उनकी विशेषज्ञता कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सोशल मीडिया आधारित न्यूज़ प्रस्तुति में मानी जाती है।