'डर और लालच के चलते बने मुस्लिम' बाहुबली विधायक राजा भैया के बयान से गरमाई सियासत, मौलानाओं ने किया पलटवार
‘आज के मुस्लिम पहले हिंदू थे’... बाहुबली विधायक राजा भैया के इस बयान ने यूपी की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। सनातन, धर्म परिवर्तन और संविधान को लेकर दिए गए बयान पर मौलानाओं ने भी तीखा पलटवार किया है। आखिर क्या कहा राजा भैया ने और क्यों गरमा गई सियासत? पढ़िए पूरी खबर
उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपने अलग अंदाज और बेबाक बयानों के लिए पहचाने जाने वाले कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ ‘राजा भैया’ एक बार फिर चर्चा में हैं। प्रयागराज के मादूरपुर गांव में आयोजित कथा कार्यक्रम में दिए गए उनके बयान ने अब राजनीतिक और धार्मिक बहस को तेज कर दिया है। राजा भैया ने कहा कि आज जितने मुस्लिम हैं, वे पहले हिंदू ही थे। ये अरब से नहीं आए हैं। जो लोग आस्था विहीन, कायर और दबाव में थे, उन्होंने धर्म परिवर्तन किया। जबकि वीर और बलिदानी लोग अपने धर्म पर कायम रहे। राजा भैया का यह वीडियो सोमवार को सामने आया, जिसके बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक बयान की चर्चा शुरू हो गई।
'सनातन कमजोर हुआ तो नहीं बचेगा संविधान' - राजा भैया
राजा भैया ने अपने संबोधन में सनातन धर्म और संविधान को जोड़ते हुए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज जो लोग जय संविधान बोलते हैं, लेकिन जिस दिन भारत हिंदू बहुल देश नहीं रहेगा, उस दिन संविधान का क्या होगा, ये हम भी जानते हैं और आप भी जानते हो। राजा भैया ने दावा किया कि भारत का धर्मनिरपेक्ष स्वरूप इसलिए कायम है क्योंकि यहां हिंदू बहुसंख्यक समाज है। अगर यह संतुलन बदला, तो देश की वर्तमान पहचान भी बदल सकती है।
उदयनिधि स्टालिन के बयान पर भी साधा निशाना
वहीं राजा भैया ने तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म पर दिए गए पुराने बयान का जिक्र करते हुए करारा पलटवार किया। राजा भैया ने कहा कि सनातन धर्म को डेंगू, मलेरिया और कोरोना जैसी बीमारी बताई गई। सोचिए अगर कोई ऐसा इस्लाम के लिए ऐसा बोलता, तो क्या होता? दरअसल, उदयनिधि स्टालिन ने सितंबर 2023 में सनातन धर्म की तुलना डेंगू, मलेरिया और कोरोना जैसी बीमारियों से की थी। बाद में विवाद बढ़ने पर उन्होंने सफाई दी थी कि उनका विरोध हिंदू धर्म नहीं, बल्कि जातिगत भेदभाव वाली सोच से है। उदयनिधि के इसी बयान को लेकर राजा भैया ने कहा कि अगर कोई इस्लाम के खिलाफ ऐसी बातें कहता, तो पूरे देश में बड़ा विरोध प्रदर्शन होता।
‘जात-पात छोड़ो, हिंदू-भाई भाई बनो’
राजा भैया ने अपने भाषण में हिंदू समाज की एकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जातीय विभाजन हिंदू समाज की सबसे बड़ी कमजोरी है और विरोधी ताकतें इसका फायदा उठाती हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू भाई-भाई।
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी का पलटवार
राजा भैया के बयान पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारत में रहने वाले मुसलमान यहीं के हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से इस्लाम स्वीकार किया है। मौलाना ने कहा कि आज भारत में करोड़ों मुसलमान हैं और सभी भारतीय हैं। किसी ने दबाव में धर्म परिवर्तन नहीं किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
