यूपी चुनाव से पहले एक्टिव हुए राहुल गांधी, 2 दिन रायबरेली-अमेठी में करेंगे मैराथन दौरा

Rahul Gandhi Visit: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 और 20 मई को रायबरेली और अमेठी के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जनसभाओं, महिला संवाद, जनता दर्शन और संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस इस दौरे के जरिए यूपी चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की तैयारी में जुटी है।

May 18, 2026 - 10:52
 0
यूपी चुनाव से पहले एक्टिव हुए राहुल गांधी, 2 दिन रायबरेली-अमेठी में करेंगे मैराथन दौरा

Rae Bareli News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी एक बार फिर उत्तर प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। केरल में कांग्रेस की अगुवाई वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद राहुल गांधी मंगलवार 19 मई से दो दिन के यूपी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका मुख्य कार्यक्रम रायबरेली और अमेठी में होगा। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक राहुल गांधी जनसभाओं, महिला संवाद कार्यक्रम, जनता दर्शन और संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि उनका यह दौरा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

पहले दिन कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल
रायबरेली कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी के अनुसार राहुल गांधी अपने दौरे के पहले दिन बछरावां के ठकुराइन खेड़ा पहुंचेंगे। यहां वह एक मैरिज हॉल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह खीरों में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है। इसके बाद राहुल गांधी लालगंज जाएंगे और वहां आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में महिलाओं से सीधे बातचीत की जाएगी और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी महिलाओं और युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

दूसरे दिन जनता दर्शन और प्रतिमा अनावरण
20 मई को राहुल गांधी भुएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वह आम लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद वह वीरा पासी की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद राहुल गांधी लोधवारी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक इस सभा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद राहुल गांधी अमेठी के लिए रवाना होंगे।

अमेठी में संगठनात्मक बैठकों पर रहेगा फोकस
कांग्रेस की जिला इकाई के प्रमुख प्रदीप सिंघल के अनुसार अमेठी में राहुल गांधी पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह दौरा उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी का हिस्सा है। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, गांवों में जनसंपर्क अभियान तेज करने और युवा व महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा हो सकती है।

कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक ग्राम सभा से लेकर जिला स्तर तक बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं को बैठक में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। कांग्रेस नेतृत्व इस दौरे के जरिए कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना चाहता है। अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी पूरे रामदीन पंडित गांव भी जाएंगे। यह दिवंगत कांग्रेस जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा का पैतृक गांव है। राहुल गांधी वहां उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। योगेंद्र मिश्रा को गांधी परिवार का करीबी माना जाता था और लंबी बीमारी के बाद 1 मार्च को उनका निधन हो गया था।

दौरे से पहले तेज हुई राजनीतिक हलचल
राहुल गांधी के दौरे से पहले रायबरेली और अमेठी में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अमेठी से कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा लगातार स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि राहुल गांधी का यह दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने की कोशिश का अहम हिस्सा साबित हो सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी भारतीय पत्रकार, कंटेंट राइटर, एंकर और मीडिया प्रोफेशनल हैं। वे डिजिटल पत्रकारिता, ग्राउंड रिपोर्टिंग, कंटेंट राइटिंग और न्यूज़ प्रोडक्शन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने Zee News, Suman TV और UP News Network जैसे मीडिया संस्थानों के साथ कार्य किया है। वे राजनीतिक, सामाजिक और समसामयिक विषयों पर आधारित डिजिटल कंटेंट और ग्राउंड रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। प्रारंभिक जीवन और शिक्षा अश्वनी तिवारी का जन्म 4 फरवरी 1997 को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुआ। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, भेलूपुर, वाराणसी से प्राप्त की। हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट की परीक्षाएं उन्होंने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कीं। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी से स्नातक (B.A.) की डिग्री प्राप्त की तथा आगे चलकर मास्टर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन (MJMC) की पढ़ाई पूरी की। अश्वनी तिवारी ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कंटेंट राइटिंग और डिजिटल मीडिया से की। उन्होंने 10 दिसंबर 2023 से 15 मार्च 2024 तक India Watch, लखनऊ में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने समाचार लेखन और डिजिटल मीडिया कंटेंट पर कार्य किया। इसके बाद उन्होंने 7 मई 2024 से 9 जुलाई 2024 तक Zee News, नोएडा में कंटेंट राइटर के रूप में इंटर्नशिप की। इस दौरान वे न्यूज़ स्क्रिप्ट, डिजिटल कंटेंट और मीडिया रिसर्च से जुड़े रहे। अक्टूबर 2024 से अप्रैल 2025 तक उन्होंने Suman TV, हैदराबाद में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया। यहां उन्होंने राजनीतिक और सामाजिक विषयों पर आधारित समाचार एवं डिजिटल कंटेंट तैयार किए। वर्तमान में UP News Network से सब एडिटर के रूप में जुड़े, जहां उन्होंने कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग का कार्य किया। इस दौरान वे ‘खरी खोटी’ नामक विशेष शो का भी हिस्सा रहे। उन्होंने कई सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग तथा वीडियो प्रस्तुति की। वर्तमान में अश्वनी तिवारी मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। अश्वनी तिवारी डिजिटल पत्रकारिता और न्यूज़ प्रोडक्शन में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। उनकी विशेषज्ञता कंटेंट राइटिंग, एंकरिंग, ग्राउंड रिपोर्टिंग और सोशल मीडिया आधारित न्यूज़ प्रस्तुति में मानी जाती है।