डॉक्टरों ने कहा था ब्रेन डेड… श्मशान ले जा रहे थे परिजन, तभी एम्बुलेंस के झटके से खुल गई आंखें

पीलीभीत में ब्रेन डेड घोषित की गई महिला एम्बुलेंस के झटके के बाद होश में आ गई। 14 दिन इलाज के बाद अब वह पूरी तरह स्वस्थ होकर घर लौट चुकी हैं।

Mar 11, 2026 - 10:57
 0
डॉक्टरों ने कहा था ब्रेन डेड… श्मशान ले जा रहे थे परिजन, तभी एम्बुलेंस के झटके से खुल गई आंखें

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां जिस महिला को डॉक्टरों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया था और जिनके अंतिम संस्कार की तैयारी तक हो चुकी थी, वह अचानक जिंदगी में वापस लौट आईं। यह मामला गोकुलपुरम कॉलोनी का है। यहां रहने वाली विनीता शुक्ला 22 फरवरी को अचानक अपने घर में बेहोश होकर गिर पड़ी थीं। परिजन घबराकर उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया।

डॉक्टरों ने बताई थी ब्रेन डेड जैसी स्थिति
बरेली के निजी अस्पताल में विनीता शुक्ला को दो दिनों तक वेंटिलेटर पर रखा गया। डॉक्टरों के अनुसार उस समय उनके शरीर में कोई हरकत नहीं थी। उनकी आंखों की पुतलियां फैल चुकी थीं और उनकी स्थिति ब्रेन डेड जैसी हो गई थी। डॉक्टरों ने परिवार को साफ शब्दों में बताया कि अगर वेंटिलेटर हटाया गया तो उनकी मौत हो सकती है। यह सुनकर परिवार के लोग बेहद दुखी हो गए और उन्हें घर ले जाने का फैसला किया।

अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच हुआ चमत्कार
24 फरवरी को जब विनीता को एम्बुलेंस के जरिए घर लाया जा रहा था, तब घर पर मातम जैसा माहौल था। अंतिम संस्कार की तैयारी पूरी हो चुकी थी। लकड़ियों का इंतजाम कर लिया गया था और रिश्तेदार व पड़ोसी अंतिम विदाई के लिए घर के बाहर इकट्ठा हो चुके थे। सभी लोग यह मान चुके थे कि अब विनीता की जिंदगी खत्म हो चुकी है।

एम्बुलेंस के झटके से लौटी चेतना
इसी बीच रास्ते में एक गड्ढे के कारण एम्बुलेंस को तेज झटका लगा। उस झटके के साथ ही विनीता के शरीर में भी हलचल महसूस हुई। परिजनों ने ध्यान से देखा तो उन्हें लगा कि महिला को धीरे-धीरे होश आने लगा है। यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। तुरंत उन्हें श्मशान ले जाने की बजाय पीलीभीत के डॉक्टर राकेश न्यूरो सिटी हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां करीब 14 दिनों तक उनका गहन इलाज किया गया। डॉक्टरों की लगातार निगरानी और उपचार के बाद उनकी हालत में तेजी से सुधार होने लगा। आखिरकार विनीता शुक्ला पूरी तरह स्वस्थ हो गईं और अस्पताल से उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। इस घटना को लोग किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। वे राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में उन्हें 2 वर्ष का अनुभव है। उन्होंने रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव रखते हैं। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से वे यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़े हैं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। उनकी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान वे कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुके हैं।