नागपुर की फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 15 मजदूरों की मौत, कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका

नागपुर के राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड फैक्ट्री में सुबह हुए भीषण विस्फोट में 15 लोगों की मौत और 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धमाके के समय 25 से 30 मजदूर ड्यूटी पर थे और कुछ के अब भी अंदर फंसे होने की आशंका है।

Mar 1, 2026 - 10:23
 0
नागपुर की फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 15 मजदूरों की मौत, कई लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका

महाराष्ट्र के नागपुर जिले से शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। कटोल तहसील के राउलगांव में स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के कारखाने में जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने इस घटना की पुष्टि की है। विस्फोट के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

सुबह 6 से 7 बजे के बीच हुआ धमाका
पुलिस के अनुसार यह विस्फोट आज सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच हुआ। राउलगांव स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड खनन में इस्तेमाल होने वाले औद्योगिक विस्फोटक और अन्य विस्फोटक सामग्री का निर्माण करती है। बताया जा रहा है कि सुबह मजदूर जैसे ही काम पर लौटे और विस्फोटक बनाने की प्रक्रिया शुरू हुई, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी।

25 से 30 मजदूर थे ड्यूटी पर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक धमाके के समय कंपनी की उस यूनिट में करीब 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई और काला धुआं पूरे इलाके में फैल गया। हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 18 गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका
अधिकारियों ने आशंका जताई है कि कुछ मजदूर अभी भी मलबे के अंदर फंसे हो सकते हैं। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटे हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि आखिर विस्फोट कैसे हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।