धोनी के कुर्ते में दिखी भारत की संस्कृति, ऐपन और खोवर कला से सजा खास लुक चर्चा में
एमएस धोनी ने उत्तराखंड की ऐपन कला और रांची की खोवर कला से प्रेरित अपने पारंपरिक कुर्ते के लुक से सबका ध्यान आकर्षित किया, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है।
महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों अपने खास पहनावे को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने ऐसे दो कुर्ते पहने, जिनमें भारत की पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई दी। इन कुर्तों में एक पर उत्तराखंड की पारंपरिक कला दिखाई गई, जबकि दूसरे में उनके होमटाउन रांची की लोक कला को दर्शाया गया। इन खास डिजाइन वाले कुर्तों को देखकर लोगों ने धोनी के देसी अंदाज की खूब तारीफ की। खास बात यह रही कि इन कपड़ों के पीछे भारतीय संस्कृति और परंपरा की गहरी झलक दिखाई दी।
डिजाइनर ने बताया कपड़ों के पीछे की कहानी
धोनी के इन दोनों लुक्स को डिजाइनरहीना कोचर ने श्यामली अरोड़ा के साथ मिलकर तैयार किया है। बताया गया कि इनमें से एक कुर्ता खास तौर पर साक्षी धोनी ने डिजाइन करवाया था। यह लुक अर्जुन तेंदुलकर की शादी के मौके के लिए तैयार किया गया था। जब डिजाइनर ने इस आउटफिट की जानकारी साझा की तो लोगों को इसके पीछे की परंपरा और सांस्कृतिक कहानी बहुत पसंद आई।
उत्तराखंड की ऐपन कला से प्रेरित लाल कुर्ता
धोनी ने एक पारिवारिक समारोह में लाल रंग का कुर्ता और आइवरी रंग का पजामा पहना था। इस कुर्ते को उत्तराखंड की प्रसिद्ध ऐपन कला से प्रेरित होकर बनाया गया। ऐपन एक बहुत पुरानी लोक कला है, जिसका इतिहास करीब 1000 साल से भी ज्यादा पुराना माना जाता है। आमतौर पर यह कला शादी और धार्मिक अवसरों पर घर के आंगन, दरवाजों और पूजा स्थल पर बनाई जाती है। इसमें लाल मिट्टी यानी गेरू का बेस बनाकर उस पर चावल के पेस्ट से अलग-अलग तरह के डिजाइन बनाए जाते हैं। इसे शुभता, समृद्धि और धार्मिक आस्था का प्रतीक माना जाता है।
डिजाइन में दिखी खास प्रतीकात्मकता
धोनी के कुर्ते में लाल और आइवरी रंग का खास संयोजन रखा गया। लाल रंग को शुभता और उत्सव का प्रतीक माना जाता है, जबकि आइवरी रंग पवित्रता और धार्मिक भावना को दर्शाता है। कुर्ते के कॉलर और बीच के हिस्से में सफेद रंग से गोल आकार के डिजाइन बनाए गए। साथ ही बॉर्डर पर टाइगर मोटिफ्स भी बनाए गए, जिससे उनका लुक क्लासी और आकर्षक लग रहा था।
रांची की खोवर कला से प्रेरित दूसरा लुक
धोनी का दूसरा लुक उनके होमटाउन रांची की पारंपरिक खोवर कला से प्रेरित था। यह कला झारखंड क्षेत्र में शादी के समय दूल्हा-दुल्हन के कमरे की दीवारों पर बनाई जाती है। खोवर कला की जड़ें हजारों साल पुराने गुफा चित्रों से जुड़ी मानी जाती हैं। इसमें फूल, पत्ते, पक्षी और प्रकृति से जुड़े चित्र बनाए जाते हैं।
आरी एम्ब्रॉयडरी से मिला खास लुक
इस लुक में धोनी ने ग्रे रंग का कुर्ता, ब्लैक जैकेट और आइवरी पजामा पहना। कुर्ते और जैकेट पर सफेद और ग्रे रंग से फूल-पत्तों की बेल बनाई गई थी। इसमें आरी एम्ब्रॉयडरी का इस्तेमाल किया गया, जिसमें सूई की जगह हुक जैसे औजार से कढ़ाई की जाती है। छोटे-छोटे फूलों और डिजाइन ने उनके पूरे लुक को बेहद शानदार बना दिया। धोनी का यह देसी अंदाज लोगों को काफी पसंद आया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
