लखनऊ में फेयरवेल के बाद छात्रों की खतरनाक स्टंटबाजी, 2 कारों की टक्कर से मचा हड़कंप

लखनऊ में एसआर कॉलेज के छात्रों द्वारा विदाई पार्टी के बाद किए गए खतरनाक स्टंट में 30 से अधिक कारें शामिल थीं। दो कारों की टक्कर हो गई, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Feb 15, 2026 - 12:50
 0
लखनऊ में फेयरवेल के बाद छात्रों की खतरनाक स्टंटबाजी, 2 कारों की टक्कर से मचा हड़कंप

लखनऊ के एक निजी कॉलेज में फेयरवेल पार्टी के बाद छात्रों ने सड़कों पर जानलेवा स्टंट किए। मामला एसआर कॉलेज का बताया जा रहा है, जहां इंटरमीडिएट की फेयरवेल के बाद 30 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला एक साथ कॉलेज से बाहर निकला। 10 फरवरी को हुई इस घटना के वीडियो 14 फरवरी की रात को सामने आए। गनीमत रही कि बड़े हादसे से बचाव हो गया, लेकिन दो कारों की आपस में जोरदार टक्कर हो गई।

छतों पर बैठकर और खिड़कियों से लटककर बनाई रील
वायरल वीडियो में छात्र थार, स्कॉर्पियो, अर्टिगा, डिजायर, स्विफ्ट और पंच जैसी गाड़ियों की छतों पर बैठे और खिड़कियों से लटकते नजर आ रहे हैं। 34 सेकंड के एक वीडियो में दिखता है कि गाड़ियों का काफिला सड़क किनारे खड़ा है और फिर एक-एक कर तेज रफ्तार में निकलता है। छात्र हाथ छोड़कर हुड़दंग करते दिखते हैं। 44 सेकंड के दूसरे वीडियो में काफिला सड़क से होते हुए एक खाली मैदान में पहुंचता है, जहां गाड़ियां दौड़ाई जाती हैं। छात्र लगातार छत और खिड़कियों पर बैठे रहते हैं। 17 सेकंड के तीसरे वीडियो में रील बनाते समय दो कारें आपस में टकरा जाती हैं। हालांकि, किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

सोशल मीडिया पर खुद डाले वीडियो
छात्रों ने खुद इन स्टंट के वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किए। एक वीडियो में लिखा गया, “अगर SR कॉलेज का फेयरवेल हो और कांड न हो तो क्या होगा।” कुछ वीडियो में आपत्तिजनक गाने भी लगाए गए हैं। इस काफिले के कारण सड़क पर काफी देर तक ट्रैफिक व्यवस्था भी बाधित रही। कई छात्र गाड़ियों से उतरकर सड़क पर भी आ गए थे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

पुलिस कर रही पहचान
यह पूरा मामला बीकेटी थाना क्षेत्र का है। शुरुआत में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। एसीपी बीकेटी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर छात्रों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर बताती है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ में युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।