लखनऊ में चाइनीज मांझे का कहर, 48 घंटे में चौथी घटना, किशोर की गर्दन कटी

लखनऊ में चाइनीज मांजा से होने वाली दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। चौक इलाके में एक किशोर घायल हो गया, पिछले 48 घंटों में यह चौथी घटना है।

Feb 8, 2026 - 08:51
 0
लखनऊ में चाइनीज मांझे का कहर, 48 घंटे में चौथी घटना, किशोर की गर्दन कटी

राजधानी लखनऊ में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे से होने वाले हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीते 48 घंटों में चाइनीज मांझे से जुड़ी यह चौथी घटना सामने आई है, जिसने प्रशासन की सख्ती पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला चौक इलाके का है, जहां स्कूटी से जा रहे एक किशोर की गर्दन चाइनीज मांझे से कट गई। गनीमत रही कि समय रहते ब्रेक लगाने से उसकी जान बच गई। हालांकि, इससे पहले भी शहर में इसी तरह के हादसों में एक युवक की जान जा चुकी है, जिससे लोगों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ रहा है।

स्कूटी सवार किशोर की गर्दन में फंसा मांझा
चौपटिया निवासी नजम खान कक्षा 10 का छात्र है। शनिवार को वह अपने दोस्त के साथ स्कूटी से चौक जा रहा था और स्कूटी वही चला रहा था। जैसे ही वह कोनेश्वर से चौक की ओर बढ़ा, सड़क पर लटका चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में फंस गया। मांझा बेहद धारदार था, जिससे उसकी गर्दन पर दो गहरे कट लग गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और घायल किशोर को इलाज के लिए ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर भेज दिया गया।

ब्रेक लगाने से बची जान, छत से खींचा जा रहा था मांझा
नजम के अनुसार, जैसे ही मांझा गले में फंसा उसने तुरंत स्कूटी में ब्रेक लगा दिया। इससे गला ज्यादा गहराई तक कटने से बच गया, लेकिन अचानक ब्रेक के कारण स्कूटी असंतुलित हो गई। पीड़ित का आरोप है कि कुछ दूरी पर एक छत पर खड़ा किशोर मांझा खींच रहा था। पहले कट के बाद भी उसने मांझा नहीं छोड़ा, जिससे दूसरा कट लग गया। नजम ने मांझा हाथ से पकड़ लिया, तभी उसकी जान बच सकी। शोर मचाने पर छत पर मौजूद किशोर मौके से फरार हो गया।

48 घंटे में चार हादसे, एक की मौत
लखनऊ में पिछले 48 घंटों में चाइनीज मांझे से जुड़ी चार घटनाएं सामने आ चुकी हैं। गुरुवार शाम गोमतीनगर विस्तार में बिजली विभाग के कर्मचारी सुधीर की गर्दन में मांझा फंस गया था। इससे कुछ घंटे पहले शहीद पथ पर स्कूटी से जा रहे सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी बृजेश राय के गाल और होंठ कट गए थे। वहीं बुधवार को हैदरगंज इलाके में शोएब नामक युवक की गर्दन कटने से मौत हो चुकी है।

प्रतिबंध के बावजूद चोरी-छिपे बिक्री
सूत्रों के अनुसार, चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद पुराने ग्राहकों को चोरी-छिपे यह मांझा उपलब्ध कराया जा रहा है। लोग फोन पर पहले ऑर्डर देते हैं और तय जगह पर मांझा पहुंचा दिया जाता है। नजम का कहना है कि पुलिस की सख्ती के बावजूद कुछ लोग खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं।

छापेमारी से पहले ही छुपा दिया गया मांझा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से मौत के मामलों में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद जेसीपी लॉ एंड ऑर्डर बबलू कुमार ने तीन दिन का विशेष अभियान चलाने के आदेश दिए। पुलिस ने कई दुकानों पर छापेमारी की, लेकिन कहीं भी चाइनीज मांझा बरामद नहीं हुआ। सूत्रों का दावा है कि दुकानदारों को पहले ही कार्रवाई की सूचना मिल गई थी, जिसके चलते उन्होंने मांझा छुपा दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।