मनरेगा मजदूर पर फावड़े से हमला, हाथ में गंभीर चोट; हत्या के प्रयास का केस दर्ज
लखीमपुर खीरी में एमजीएनआरईजीए मजदूर पर कुदाल से हमला हुआ, जिसमें वह घायल हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक मनरेगा मजदूर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना सिंगाही थाना क्षेत्र के शीतलापुर गांव की है, जहां मिट्टी पटाई का काम कर रहे मजदूर पर फावड़े से हमला कर दिया गया। इस हमले में मजदूर के एक हाथ में गंभीर चोट आई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल मजदूर को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।
काम के दौरान हुआ हमला
पीड़ित शिवपूजन कश्यप ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 12 फरवरी, गुरुवार को वह मनरेगा योजना के तहत गांव के पास रास्ते पर मिट्टी पटाई का काम कर रहा था। उसी दौरान गांव का रहने वाला राजेश वर्मा वहां पहुंच गया। बताया गया कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर राजेश वर्मा ने गुस्से में आकर फावड़े से शिवपूजन पर हमला कर दिया।
बचाव में आगे किया हाथ, हथेली फटी
हमले के समय शिवपूजन ने खुद को बचाने के लिए अपना हाथ आगे कर लिया। फावड़े की चोट सीधे उसकी हथेली पर लगी, जिससे उसका हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया और हथेली फट गई। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया और घायल को तुरंत सिंगाही थाने लेकर पहुंचे।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मामला
थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी राजेश वर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घायल मजदूर को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
