कौशांबी में जल सखियों का विरोध: 5 साल से काम, लेकिन एक रुपया भी नहीं मिला मानदेय
जल जीवन मिशन के तहत काम करने के बावजूद 5 साल से वेतन न मिलने के बाद कौशांबी में 600 से अधिक जल सखियों ने विरोध प्रदर्शन किया।
कौशांबी जिले के सिराथू ब्लॉक में जल सखियों का गुस्सा सामने आया है। गांव-गांव में पानी की गुणवत्ता जांचने का काम करने वाली सैकड़ों महिलाएं आज भी अपने मेहनताने के लिए तरस रही हैं। बताया जा रहा है कि करीब 600 जल सखियां पिछले पांच साल से लगातार काम कर रही हैं, लेकिन उन्हें आज तक एक भी रुपया नहीं मिला। इस मुद्दे को लेकर महिलाएं ब्लॉक सभागार पहुंचीं और अधिकारियों से शिकायत की।
ब्लॉक पहुंचकर जताया विरोध, बीएमएम से की शिकायत
सिराथू ब्लॉक सभागार में जल सखियों को पानी की जांच के लिए किट वितरण के लिए बुलाया गया था। इसी दौरान महिलाएं एकजुट होकर बीएमएम रामप्रकाश कुशवाहा से मिलीं और अपनी परेशानी बताई। महिलाओं ने कहा कि उनसे प्रति जांच 20 रुपये देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक किसी के खाते में पैसा नहीं आया है। इस दौरान अर्चना देवी, प्रीति देवी, रंजना देवी, पूजा देवी, विनीता सिंह, स्वेता सिंह, सुमिला देवी और रेनू देवी सहित सैकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।
जल जीवन मिशन के तहत कर रही हैं काम
महिलाओं ने बताया कि साल 2022 में जल जीवन मिशन के तहत उन्हें जल सखी के रूप में नियुक्त किया गया था। इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके बाद से वे हर घर जल योजना के तहत गांवों में नल, हैंडपंप और समरसेबल के पानी की जांच कर रही हैं। साथ ही वे पानी की गुणवत्ता की रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड भी करती हैं।
कई बार लिया गया खाता और आधार, फिर भी नहीं मिला पैसा
जल सखियों ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान कई बार उनका खाता नंबर और आधार कार्ड लिया गया। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि पैसा जल्द मिलेगा, लेकिन आज तक किसी को एक रुपया भी नहीं मिला। महिलाओं ने कहा कि वे अपने खर्च से ब्लॉक आती-जाती हैं और घर-घर जाकर पानी की जांच करती हैं, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
अधिकारियों ने मांगी रिपोर्ट, जल्द समाधान का आश्वासन
इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि उन्हें 600 जल सखियों को मानदेय न मिलने की जानकारी नहीं थी। अब संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जाएगी और जल्द ही महिलाओं को उनका मानदेय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
(रिपोर्टः राम किशन, कौशांबी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
