झांसी में शादी से एक महीने पहले युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश का आरोप
झांसी के रक्सा इलाके में एक युवक की उसकी शादी से एक महीने पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रक्सा थाना क्षेत्र के नयाकुआं गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अंशुल राजपूत के रूप में हुई है। उसकी शादी अगले महीने 10 मार्च को तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। लेकिन शादी से ठीक एक महीने पहले इस वारदात ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार अंशुल राजपूत रोज की तरह अपने खेत पर पानी लगाने गया था। देर शाम जब उसकी मां चारा लेने खेत पर पहुंचीं तो उन्होंने अंशुल को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा। गोली उसकी कनपटी में लगी थी। परिवार के लोग तुरंत उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसपी सहित पुलिस के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुरानी रंजिश में हत्या का आरोप
मृतक के चाचा सतीश ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से उनकी पुरानी रंजिश चल रही थी। उसी मामले में अंशुल की गवाही होनी थी। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उसकी हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि अंशुल पर भी एक हत्या का मुकदमा दर्ज था और वह करीब एक साल पहले पेरोल पर जेल से बाहर आया था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
तीन आरोपी हिरासत में, जांच जारी
झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
