सेहरा बांधकर निकला दूल्हा, रास्ते में गोलियों से भूनकर हत्या, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

जौनपुर में शादी के लिए जा रहे दूल्हे की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस इस भयावह घटना की जांच कर रही है।

May 2, 2026 - 07:45
 0
सेहरा बांधकर निकला दूल्हा, रास्ते में गोलियों से भूनकर हत्या, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के लिए बारात लेकर जा रहे दूल्हे की बीच रास्ते गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने दूल्हे की कार को रोककर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल दूल्हे को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शादी के घर में खुशियों की जगह मातम पसर गया है।

बारात के दौरान हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र निवासी आजाद बिंद की शादी खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव निवासी सोनी बिंद के साथ तय हुई थी। शुक्रवार शाम दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर जा रहा था। बारात जैसे ही बीबीपुर गांव के पास पहुंचने वाली थी, तभी यह खौफनाक वारदात हो गई।

कार रोककर बरसाईं गोलियां
बताया जा रहा है कि दूल्हे की कार को अचानक अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने रोक लिया। इसके बाद उन्होंने दूल्हे पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। गोली दूल्हे के पेट और मुंह में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर कार में ही गिर पड़ा। पीछे चल रही बारात की गाड़ियों में भी अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण इधर-उधर भागने लगे।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद पुलिस और बारातियों की मदद से घायल दूल्हे को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। शादी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया और डीजे भी बंद करा दिया गया।

दुल्हन और परिवार का बुरा हाल
दूल्हे की मौत की खबर सुनते ही दुल्हन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। उसने कहा कि दूल्हे ने वादा किया था कि वह सेहरा बांधकर आएगा, लेकिन यह सपना अधूरा रह गया। डर के कारण कई बाराती मौके से ही वापस लौट गए।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं। पुलिस इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग समेत कई एंगल से जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 1 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान University of Lucknow से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।