माता-पिता बचपन में ही चले गए… 11 महीने पहले सहेली भी छोड़कर चली गई, ग्रेटर नोएडा में अकेली रह रही ब्यूटी पार्लर कर्मी ने लगा ली फांसी
पश्चिम बंगाल की 31 वर्षीय महिला ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी इलाके में अपने किराए के कमरे में फांसी पर लटकी हुई मिली। पुलिस को संदेह है कि यह आत्महत्या वैलेंटाइन डे के आसपास हुई है और उन्होंने जांच शुरू कर दी है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र स्थित शाहबेरी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां किराए के कमरे में रहने वाली 31 वर्षीय युवती ने पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा तब हुआ, जब कमरे से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची तो युवती का शव पंखे से लटका मिला। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवती ने वैलेंटाइन डे की रात ही आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कमरे से बदबू आने पर खुला मामला
पुलिस के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि शाहबेरी में एक कमरे से तेज दुर्गंध आ रही है। मौके पर पहुंचने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो युवती का शव पंखे से लटका हुआ था। कई दिन बीत जाने के कारण शव पूरी तरह सड़ चुका था और शरीर में कीड़े पड़ चुके थे। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी युवती, पार्लर में करती थी काम
बिसरख कोतवाली पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान पूजा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के नया बाजार की रहने वाली थी। वह पास के एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी और शाहबेरी में किराए के कमरे में अकेले रह रही थी। पड़ोसियों के मुताबिक करीब 11 महीने पहले तक उसकी एक सहेली उसके साथ रहती थी, लेकिन कुछ समय से वह अकेली रह रही थी।
वैलेंटाइन डे के बाद से नहीं दिखी, 14 फरवरी को आत्महत्या की आशंका
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि युवती 14 फरवरी यानी वैलेंटाइन डे के बाद से दिखाई नहीं दी थी। कमरे का दरवाजा लगातार बंद था और कोई आवाजाही नहीं हो रही थी, लेकिन किसी को शक नहीं हुआ। बदबू आने के बाद ही घटना का पता चला। ऐसे में आशंका है कि उसने 14 फरवरी की रात को ही आत्महत्या की होगी।
बचपन में माता-पिता का निधन, कारणों की जांच जारी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पूजा के माता-पिता का निधन उसके बचपन में ही हो गया था और वह अपने दम पर नौकरी कर जीवनयापन कर रही थी। घटना की सूचना नोएडा में रहने वाली उसकी मौसी को दे दी गई है और उन्हें बुलाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, ताकि पता चल सके कि आखिरी बार उसकी बात किससे हुई थी। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
