16 साल के भाई ने बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे का काटा गला, 9 साल की भतीजी ने देखी पूरी वारदात, रात 3 बजे घर में मचाया कत्लेआम
गोरखपुर में 16 साल के लड़के ने बड़े भाई, भाभी और 3 साल के भतीजे की गड़ासे से हत्या कर दी। वजह एक दुकान को लेकर पनपा विवाद बताया जा रहा है। 9 साल की भतीजी इस हत्याकांड की चश्मदीद बनी। आखिर उस रात ऐसा क्या हुआ कि एक भाई ने अपने ही भाई के परिवार को मौत के घाट उतार दिया ?
गोरखपुर में सोमवार तड़के एक ऐसा हत्याकांड हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। बांसगांव थाना क्षेत्र में 16 साल के एक किशोर ने अपने ही बड़े भाई, भाभी और तीन साल के मासूम भतीजे की सोते समय गड़ासे से हत्या कर दी। वारदात के वक्त कमरे में मौजूद नौ साल की बेटी किसी तरह जान बचाकर बाहर भागी और दादी को पूरी घटना बताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को घर की ऊपरी मंजिल से खून से सने गड़ासे के साथ हिरासत में ले लिया। शुरुआती जांच में पारिवारिक किराना दुकान को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद हत्या की वजह माना जा रहा है।
ट्रिपल मर्डर से घर में मचा कोहराम
पुलिस के मुताबिक, बांसगांव के रहने वाले अमित गुप्ता अपनी पत्नी रंजना, नौ साल की बेटी और तीन साल के बेटे रेयांश के साथ नीचे वाले कमरे में सो रहे थे। माता-पिता भी उसी मंजिल पर थे, जबकि 16 वर्षीय छोटा भाई ऊपर के कमरे में रहता था। सोमवार तड़के करीब तीन बजे वह हाथ में गड़ासा लेकर नीचे आया। कमरे में दाखिल होते ही उसने सो रहे बड़े भाई अमित पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने भाभी रंजना और तीन साल के रेयांश पर लगातार वार किए। हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने या बचने का मौका नहीं मिला। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। कमरे में मौजूद नौ साल की बेटी की आंख खुली तो उसने अपने सामने खौफनाक मंजर देखा। उसने बताया कि चाचा पहले उसके पिता पर हमला कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने मां और छोटे भाई पर गड़ासे से वार किए। डर से सहमी बच्ची कमरे से भागकर दादी के पास पहुंची और रोते हुए बोली, "चाचा ने पापा को मार दिया... मम्मी और बाबू को भी मार दिया।" उसकी चीख सुनते ही पूरा घर जाग गया।
खून से सने बेटे को देखकर सहमे पिता
बेटी की आवाज सुनकर पिता हरीलाल जब कमरे में पहुंचे तो सामने का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में चारों ओर खून फैला था और बेटे-बहू व पोते की लाशें बिस्तर पर पड़ी थीं। तभी छोटा बेटा हाथ में खून से सना गड़ासा लेकर कमरे से बाहर निकल रहा था। डर और सदमे में हरीलाल उससे कुछ नहीं बोल सके। आरोपी सीधे ऊपर अपने कमरे में चला गया और वहीं जाकर बैठ गया। कुछ देर बाद हिम्मत जुटाकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पिता ने पुलिस को बताया कि हत्या छोटे बेटे ने की है और वह ऊपर के कमरे में बैठा है। पुलिस जब ऊपर पहुंची तो आरोपी फर्श पर बैठा मिला। उसके पास हत्या में इस्तेमाल किया गया गड़ासा भी मौजूद था। पुलिस ने उसे मौके से हिरासत में ले लिया। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
पहले भी थाने तक पहुंचा था मामला
जांच में सामने आया कि परिवार की कस्बे में किराने की दुकान है। पहले छोटा बेटा दुकान संभालता था, जबकि बड़ा भाई अमित बाहर रहकर पेंट-पॉलिश का काम करता था। करीब दो साल पहले अमित गांव लौट आया और दुकान पर बैठने लगा। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद छोटे भाई को लगने लगा कि बड़ा भाई पूरी दुकान अपने कब्जे में कर लेगा। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच अक्सर विवाद होता था। पुलिस इसी एंगल पर जांच आगे बढ़ा रही है। पिता हरीलाल के मुताबिक, करीब दो महीने पहले भी छोटे बेटे ने उनसे पांच लाख रुपये की मांग को लेकर झगड़ा किया था। मामला थाने तक पहुंचा था, जहां समझौता कराया गया था। परिवार का आरोप है कि आरोपी शराब पीकर अक्सर घर में विवाद करता था। पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है।
गोद ली हुई बेटी ने खोला कत्ल का राज
अमित और रंजना की शादी के कई साल बाद भी संतान नहीं हुई थी। इसके बाद उन्होंने एक बच्ची को गोद लिया। तीन साल पहले उनके घर बेटे रेयांश का जन्म हुआ। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी ने भाई, भाभी और भतीजे की हत्या कर दी, लेकिन गोद ली हुई नौ साल की भतीजी को नुकसान नहीं पहुंचाया। अब यही बच्ची इस पूरे हत्याकांड की सबसे अहम चश्मदीद गवाह बन गई है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
एसपी दिनेश पुरी ने बताया कि तीनों की हत्या एक ही कमरे में धारदार हथियार से की गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है, हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
