गोंडा में पेड़ से लटके मिले प्रेमी जोड़े के शव, पूरे गांव में मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक प्रेमी जोड़े ने गांव के बाहर पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। दोनों रिश्ते में जीजा-साली थे। परिवार शादी के लिए तैयार था, फिर भी दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। कटरा बाजार थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव में एक प्रेमी जोड़े ने गांव के बाहर बबूल के पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय चांदनी और 17 वर्षीय उमेश के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में जीजा-साली बताए जा रहे हैं। एक ही रस्सी के सहारे दोनों के शव पेड़ से लटके मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बहन के ससुराल आने-जाने के दौरान शुरू हुई थी दोनों की बातचीत
जानकारी के मुताबिक, चांदनी की बड़ी बहन की शादी करीब छह साल पहले उमेश के बड़े भाई नरेश से हुई थी। इसी वजह से चांदनी का उमेश के घर आना-जाना लगा रहता था। इसी दौरान दोनों की बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। बताया जा रहा है कि पिछले करीब एक साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध था। उमेश अपने तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और परिवार के साथ खेती-किसानी का काम करता था।
टॉयलेट जाने की बात कहकर निकली थी चांदनी
परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे चांदनी घर से यह कहकर निकली थी कि वह टॉयलेट के लिए जा रही है। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के बाहर खेत में लगे एक बबूल के पेड़ पर चांदनी और उमेश के शव लटके मिले। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के शव करीब चार घंटे तक पेड़ पर ही लटके रहे।
शादी के लिए तैयार था परिवार
पुलिस और परिवार के लोगों के मुताबिक, शुरुआत में दोनों के रिश्ते का विरोध किया गया था। हालांकि बाद में परिवार शादी के लिए तैयार हो गया था। चांदनी की मां ने बताया कि उन्होंने बेटी को भरोसा दिलाया था कि अगले साल उसकी शादी उमेश से कर दी जाएगी। वहीं चांदनी के पिता का कहना था कि पहले बड़े बेटे की शादी करने की तैयारी चल रही थी, जिसके बाद उमेश और चांदनी की शादी तय थी। ऐसे में जब दोनों की शादी की बात लगभग तय हो चुकी थी, तब उन्होंने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, यह सवाल सभी को परेशान कर रहा है।
फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड जांच में जुटे
घटना की सूचना मिलते ही कटरा बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। वहां से एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, क्योंकि दोनों एंड्रॉयड फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे। करनैलगंज के क्षेत्राधिकारी अभिषेक दवच्चा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
