शादी के 18 दिन बाद खुला फर्जी डॉक्टर का राज, MBBS नहीं 10वीं पास निकला पति
Uttar Pradesh News: मुरादाबाद में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए फर्जी डॉक्टर बनकर शादी करने का मामला सामने आया है। युवती ने आरोप लगाया कि पति ने खुद को एम्स ऋषिकेश का डॉक्टर बताया, लेकिन शादी के बाद पता चला कि वह सिर्फ 10वीं पास है। पुलिस ने 11 लोगों पर केस दर्ज किया है।
Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए शादी में धोखाधड़ी और उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बरेली के एक युवक ने खुद को एम्स ऋषिकेश का एमबीबीएस डॉक्टर बताकर 25 वर्षीय युवती से शादी कर ली। शादी के कुछ दिनों बाद युवती को पता चला कि उसका पति डॉक्टर नहीं, बल्कि सिर्फ 10वीं पास है। इसके बाद पीड़िता के होश उड़ गए। युवती ने आरोप लगाया कि सच्चाई सामने आने पर आरोपी ने उसे धमकाया, बंधक बनाया और जबरन दुष्कर्म किया। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी समेत उसके परिवार के 11 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मैट्रिमोनियल वेबसाइट से हुई पहचान
पीड़िता के मुताबिक उसने कुछ समय पहले एक ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर अपना बायोडाटा डाला था। इसी दौरान बरेली के फतेहगंज ईस्ट निवासी युवक ने उससे संपर्क किया। आरोपी ने खुद को ऋषिकेश एम्स में कार्यरत एमबीबीएस डॉक्टर बताया। भरोसा जीतने के लिए उसने मेडिकल डिग्रियां भी दिखाईं, जिसे देखकर युवती और उसका परिवार उसकी बातों में आ गया। युवती के पिता जब सच्चाई जानने के लिए ऋषिकेश पहुंचे, तब आरोपी सफेद कोट पहनकर और डॉक्टर की नेम प्लेट लगाकर उनसे मिला। इतना ही नहीं, जब लड़की पक्ष आरोपी के घर पहुंचा, तब उसके परिवार ने भी कई मेडिकल डिग्रियां दिखाकर उन्हें पूरी तरह भरोसे में ले लिया।
शादी के 18 दिन बाद खुली सच्चाई
दोनों परिवारों की सहमति के बाद 21 अप्रैल 2026 को मुरादाबाद के एक होटल में धूमधाम से शादी हुई। शुरुआत में सब सामान्य चलता रहा, लेकिन 9 मई को युवती को पति की असलियत का पता चला। जांच में सामने आया कि आरोपी डॉक्टर नहीं है और केवल 10वीं पास है।पीड़िता का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी और उसके परिवार ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसे बंधक बनाकर डराया-धमकाया गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म भी किया गया। किसी तरह वहां से निकलकर युवती अपने मायके पहुंची और परिवार को पूरी घटना बताई।
11 लोगों पर दर्ज हुआ केस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत उसके परिवार के 11 लोगों के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी, दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। सभी आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
