दिछौली गांव में दो घटनाओं से मचा हड़कंप, धमकी और युवती को बहला ले जाने का आरोप
दिचोली गांव में दो मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें जान से मारने की धमकी और 19 वर्षीय लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत शामिल है। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में अमेठी के दिछौली गांव में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब दो अलग-अलग मामलों में थाने में तहरीर दी गई। एक तरफ घर में घुसकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है, तो दूसरी ओर 19 वर्षीय युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई है। दोनों घटनाएं एक ही गांव की बताई जा रही हैं। पुलिस ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घर पहुंचकर दी जान से मारने की धमकी
दिछौली गांव निवासी बुद्धलाल पुत्र बाबूलाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब 9 बजे गांव के ही जय नाथ पुत्र पुजारी उनके घर पहुंचे। उस समय वह सो रहे थे। आरोप है कि जय नाथ ने घर में आकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है, जिससे परिवार में डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
19 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
इसी गांव के बुधराम पुत्र बाबूलाल ने अलग तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उनकी 19 वर्षीय बेटी राजकुमारी को 8 तारीख की दोपहर करीब 2 बजे गांव का परवेश पुत्र जगत बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पीड़ित पिता का कहना है कि जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी के पिता जगत ने घर आकर शिकायत न करने की धमकी दी। बुधराम ने यह भी आरोप लगाया कि परवेश पहले भी अन्य लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामलों में शामिल रह चुका है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
पुलिस ने दोनों तहरीरों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में दोनों घटनाओं को लेकर चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।
(रिपोर्ट- बृजेश मिश्रा अमेठी)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
