6 लोगों की हत्या का दोषी बना दूल्हा… तिहाड़ जेल से 10 घंटे की पैरोल पर आया, फिर हुआ निकाह
दिल्ली के चर्चित छह हत्याओं वाले हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में उम्रकैद की सजा काट रहे वाजिद को निकाह के लिए 10 घंटे की पैरोल मिली। कड़ी सुरक्षा के बीच मेरठ में निकाह कराया गया और रस्में पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस उसे वापस तिहाड़ जेल लेकर चली गई।
दिल्ली के एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाले हाई-प्रोफाइल मर्डर केस में उम्रकैद की सजा काट रहा सजायाफ्ता कैदी वाजिद सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अपने पैतृक गांव समौली पहुंचा। उसे दिल्ली पुलिस की निगरानी में महज 10 घंटे की पैरोल दी गई थी, ताकि उसका निकाह कराया जा सके। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच मेरठ के पावटी अफजलपुर निवासी नसीम अहमद अंसारी की बेटी यासमीन के साथ उसका निकाह पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया गया। निकाह की सभी रस्में और जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस आरोपी को वापस तिहाड़ जेल लेकर रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों परिवार आपस में रिश्तेदार भी हैं।
10 साल पुराना है खौफनाक हत्याकांड
यह पूरा मामला करीब 10 साल पुराना है। वाजिद दिल्ली के एक बड़े फर्नीचर व्यापारी के यहां नौकर के रूप में काम करता था। आरोप है कि पैसों के लालच में उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर व्यापारी के पूरे परिवार को खत्म करने की साजिश रची। आरोपियों ने सबसे पहले व्यापारी और उनके दो मासूम बेटों की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए दिल्ली स्थित फ्लैट में गड्ढा खोदकर तीनों शवों को वहीं दफना दिया गया और ऊपर से फर्श पक्का कर दिया गया, ताकि किसी को शक न हो।
पत्नी और बेटियों की भी कर दी हत्या
इतने बड़े अपराध के बाद भी आरोपी नहीं रुके। वाजिद व्यापारी की पत्नी और उनकी दो बेटियों को सुरक्षित छोड़ने के बहाने अपने साथ गाड़ी में ले गया। रास्ते में उसने समौली के कुछ अन्य साथियों को भी बुला लिया। मुजफ्फरनगर पहुंचने से पहले ही रास्ते में तीनों की गला दबाकर हत्या कर दी गई। बाद में उनके शव समौली अख्तियारपुर घाट के पास बहने वाली काली नदी किनारे सुनसान इलाके में दफना दिए गए।
ऐसे खुला था छह हत्याओं का राज
घटना के करीब एक सप्ताह बाद दिल्ली पुलिस ने जांच के दौरान मामले की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। जांच में जब शक गहराया तो पुलिस ने वाजिद और उसके साथियों को हिरासत में लिया। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने दिल्ली के फ्लैट और काली नदी किनारे से सभी छह शव बरामद किए। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। बाद में अदालत ने वाजिद को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
