"BJP जीते तो बेईमानी कैसे?" अखिलेश के आरोपों पर बीजेपी MLC का पलटवार, सपा मुखिया के महिलाओं को 40 हजार देने के वादे पर भी उठाए सवाल

कासगंज में आयोजित भाजपा की प्रेस वार्ता में एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर एक-एक कर जवाब दिया। चुनाव में कथित बेईमानी के आरोपों से लेकर वन नेशन-वन इलेक्शन और महिलाओं को 40 हजार रुपये देने के वादे तक, भाजपा नेता ने विपक्ष पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। आखिर उन्होंने ऐसा क्या कहा कि राजनीतिक बहस और तेज हो गई?

Jun 13, 2026 - 18:27
Jun 13, 2026 - 18:27
 0
"BJP जीते तो बेईमानी कैसे?" अखिलेश के आरोपों पर बीजेपी MLC का पलटवार, सपा मुखिया के महिलाओं को 40 हजार देने के वादे पर भी उठाए सवाल

कासगंज के भाजपा कार्यालय में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रेस वार्ता राजनीतिक बयानबाजी का मंच बन गई। भाजपा एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी ने जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का बखान किया, वहीं समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर भी तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 में लगातार जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए पर भरोसा जताया है। इसी जनसमर्थन के बल पर भाजपा आज देश के 22 राज्यों में सरकार चला रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं को सरकार की बड़ी उपलब्धियां बताया।

चुनाव में बेईमानी के आरोपों पर क्या बोले MLC?
दरअसल, हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि अगर उत्तर प्रदेश में पश्चिम बंगाल और बिहार की तरह चुनाव में लूट और बेईमानी हुई तो भविष्य में निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं होंगे। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा एमएलसी ने कहा कि जब दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है, तब चुनाव प्रक्रिया पर कोई सवाल नहीं उठाया जाता, लेकिन भाजपा की जीत होते ही बेईमानी के आरोप लगाए जाने लगते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव उसी प्रक्रिया और व्यवस्था के तहत कराए जाते हैं, जो पहले भी लागू थी। भाजपा की जीत को बेईमानी से जोड़ना जनता के फैसले पर सवाल खड़ा करने जैसा है।

'बंगाल की जनता ने बदलाव के लिए चुना भाजपा'
एमएलसी ने पश्चिम बंगाल की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की जनता लंबे समय से अराजकता और असुरक्षा के माहौल से परेशान थी। उनके अनुसार, सर्व समाज ने परिवर्तन की उम्मीद के साथ भाजपा को समर्थन दिया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की बढ़ती स्वीकार्यता विपक्षी दलों की बेचैनी का कारण बनी हुई है। वहीं वन नेशन-वन इलेक्शन को लेकर अखिलेश यादव द्वारा दिए गए बयान पर भी भाजपा एमएलसी ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस विषय पर पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ी थी और प्रस्ताव को संसद में भी रखा गया, लेकिन विपक्ष ने उसका विरोध किया। माहेश्वरी ने कहा कि विपक्ष के नेता सार्वजनिक मंचों पर एक बात कहते हैं और संसद के भीतर दूसरी। यही उनकी दोहरी राजनीति है। वहीं सपा प्रमुख द्वारा सत्ता में आने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये देने के वादे पर भी भाजपा नेता ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घोषणाएं करना आसान है, लेकिन उन्हें लागू करना सबसे बड़ी चुनौती होती है। उनका आरोप था कि विपक्षी दल चुनावी समय में बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने की ठोस योजना नहीं बताते।

रिपोर्ट-: जुम्मन कुरैशी 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0