चाय बनाते समय लगी आग ने छीनी मासूम की जिंदगी, चारपाई के नीचे छिपे 4 साल के जैद की दर्दनाक मौत
Uttar Pradesh News: बागपत में सिलेंडर लीकेज से लगी आग में 4 वर्षीय जैद गंभीर रूप से झुलस गया। दिल्ली में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चे को बचाने के प्रयास में दादा-दादी, भाई और चाचा भी झुलस गए। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। बड़ौत शहर कोतवाली क्षेत्र के पठानकोट मोहल्ले में घर के अंदर चाय बनाते समय अचानक सिलेंडर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे घर में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में 4 वर्षीय मासूम जैद गंभीर रूप से झुलस गया, जिसकी बाद में दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्चे को बचाने के प्रयास में उसके दादा-दादी, बड़ा भाई और चाचा भी झुलस गए। इस घटना के बाद परिवार ही नहीं, पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
सिलेंडर लीकेज से भड़की आग
जानकारी के अनुसार, पठानकोट मोहल्ले में रहने वाले हासिम अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं। बुधवार देर रात घर में चाय बनाई जा रही थी। इसी दौरान बड़े गैस सिलेंडर में लीकेज होने से अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास में रखा 5 किलोग्राम का छोटा सिलेंडर भी इसकी चपेट में आ गया। घर में धुआं और आग फैलते ही चीख-पुकार मच गई और सभी लोग बाहर की ओर भागने लगे।
चारपाई के नीचे छिप गया था जैद
जब परिवार के सदस्य बाहर पहुंचे तो उन्हें 4 वर्षीय जैद दिखाई नहीं दिया। घबराए परिजन तुरंत उसे खोजने के लिए दोबारा घर के अंदर गए। बाद में पता चला कि डर की वजह से जैद घर के अंदर एक चारपाई के नीचे छिप गया था। उसे बाहर निकालने के दौरान उसके दादा कय्यूम, दादी संजीदा और 10 वर्षीय बड़े भाई हुसैद भी आग से झुलस गए। बता दें कि गंभीर रूप से झुलसे जैद को तुरंत इलाज के लिए दिल्ली के अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं परिवार के अन्य घायल सदस्यों का उपचार जारी है।
बचाने गए चाचा भी आग में झुलसे
आग लगे सिलेंडर को घर से बाहर निकालने के दौरान जैद के चाचा वसीम भी बुरी तरह झुलस गए। सिलेंडर को एक खाली प्लॉट में फेंका गया, लेकिन वहां भी उससे ऊंची-ऊंची लपटें निकलती रहीं। इससे पूरे मोहल्ले में दहशत फैल गई। बाद में पड़ोसियों ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
पोस्टमार्टम से किया इंकार
परिजनों ने बताया कि जैद छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता हासिम वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य मजदूरी करते हैं। बच्चे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके के लोग परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
