इतने पैसे नहीं हैं... दूल्हे के पिता की ये बात सुन भड़के किन्नर, शादी के मंडप में की फायरिंग और पथराव, 6 गिरफ्तार

Uttar Pradesh News: बदायूं में एक शादी में नेग को लेकर किन्नरों और बारातियों के बीच विवाद हिंसक हो गया। फायरिंग और पथराव में दूल्हे का भाई घायल हो गया। पुलिस ने छह किन्नरों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए। बाद में सुरक्षा के बीच शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

Apr 23, 2026 - 13:55
 0
इतने पैसे नहीं हैं... दूल्हे के पिता की ये बात सुन भड़के किन्नर, शादी के मंडप में की फायरिंग और पथराव, 6 गिरफ्तार

Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक शादी समारोह उस समय हिंसक घटना में बदल गया, जब नेग की मांग को लेकर किन्नरों और बारातियों के बीच विवाद हो गया। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में हुई इस घटना में फायरिंग और पथराव से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान दूल्हे का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से छह किन्नरों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

11 हजार रुपये की मांग से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, प्रेम शंकर मौर्य की पुत्री की बारात मूसाझाग क्षेत्र के गांव कथरा से आई थी। रात भर शादी की रस्में शांति से चलती रहीं। लेकिन सुबह फेरों से पहले बोलेरो गाड़ी में सवार होकर करीब आधा दर्जन किन्नर मौके पर पहुंचे। उन्होंने दूल्हा पक्ष से 11,000 रुपये नेग की मांग की। दूल्हे के पिता ने 1,100 रुपये देने की बात कही, लेकिन किन्नर अपनी मांग पर अड़े रहे, जिससे विवाद बढ़ गया।

बहस से बढ़ा मामला, फायरिंग और पथराव शुरू
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर किन्नरों ने अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। बारातियों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किन्नरों ने अपनी गाड़ी से हथियार निकाल लिए और एक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। इसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई। अचानक हुए इस हमले से शादी समारोह में चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

दूल्हे का भाई घायल, अस्पताल में भर्ती
इस हिंसा में दूल्हे का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिवार और मेहमानों में डर का माहौल बन गया।

पुलिस की कार्रवाई में बरामद हुए हथियार
फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और भागने की कोशिश कर रहे किन्नरों को घेर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई और छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया। जब बोलेरो गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें से दो अवैध तमंचे, कारतूस, लाठी-डंडे और कैंची जैसे हथियार बरामद हुए।

मुकदमा दर्ज, पुलिस सुरक्षा में पूरी हुई शादी
सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। तनावपूर्ण माहौल के बावजूद पुलिस की सुरक्षा में फेरों की रस्म पूरी कराई गई और बारात को सुरक्षित विदा किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Ashwani Tiwari अश्वनी तिवारी, UP News Network में सब-एडिटर हैं। राजनीति, क्राइम, स्पोर्ट्स, ज्योतिष और धार्मिक विषयों से जुड़ी खबरों पर सक्रिय रूप से काम करते हैं। मीडिया जगत में 3 वर्ष का अनुभव है। रिपोर्टिंग, स्पेशल स्टोरीज़ और स्पेशल खरी-खोटी जैसे कार्यक्रमों पर काम किया है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एंकरिंग का भी अनुभव है। SumanTV, Hyderabad (डिजिटल प्लेटफॉर्म) के साथ कार्य कर चुके हैं और ZEE News व India Watch जैसे प्रतिष्ठित न्यूज़ संस्थानों में इंटर्नशिप का अनुभव हासिल किया है। पिछले 1 साल से यूपी न्यूज़ नेटवर्क (डिजिटल) से जुड़ा हुआ हूं और उत्तर प्रदेश से जुड़ी अहम खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रहे हैं। एमजेएमसी की पढ़ाई कर चुके अश्वनी तिवारी की पहचान तथ्यपरक रिपोर्टिंग, ज़मीनी मुद्दों और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने वाली पत्रकारिता से है। मेरी जन्मस्थली वाराणसी है, जबकि कार्य के दौरान मैं कई शहरों में रहकर पत्रकारिता कर चुका हूं।