बदायूं में बरेली-मथुरा हाईवे पर दो बसों की भीषण टक्कर, तीन बरातियों की मौत, 20 से अधिक घायल

उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक निजी बस और रोडवेज की बस की टक्कर में शादी समारोह में शामिल तीन यात्रियों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री योगी ने इस घटना का संज्ञान लिया।

Feb 22, 2026 - 10:38
 0
बदायूं में बरेली-मथुरा हाईवे पर दो बसों की भीषण टक्कर, तीन बरातियों की मौत, 20 से अधिक घायल

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। बरेली-मथुरा हाईवे पर उझानी कोतवाली क्षेत्र के सिंह हवेली और बांके बिहारी लॉ कॉलेज के पास एक प्राइवेट बस और रोडवेज बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। टक्कर की तेज आवाज से आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भीड़ जुट गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने पहुंचकर राहत कार्य शुरू कराया।

तड़के साढ़े पांच बजे हुआ हादसा
हादसा रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। बारातियों से भरी एक प्राइवेट बस शादी समारोह से लौट रही थी। तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही रोडवेज बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई।

कासगंज से गई थी बारात
जानकारी के अनुसार, कासगंज जिले के सहावर थाना क्षेत्र के नगला भंमन गांव निवासी प्रेमपाल के बेटे की 21 फरवरी को शादी थी। बारात शाहजहांपुर के पटना बारेकला गांव गई थी। शादी के बाद जब बस वापस लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

तीन की मौत, कई गंभीर घायल
डॉक्टरों ने प्रेमपाल के रिश्तेदार किशन, सोनू और योगेश को मृत घोषित कर दिया। सुरेश बाबू, सत्यवीर, मुरारीलाल, अभिषेक, जीतू, मुन्नालाल, वासू, नक्षत्रपाल, राम, सुशील और रोडवेज बस चालक प्रेमपाल समेत कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल, निजी अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रशासन की कार्रवाई और सीएम का संज्ञान
एसपी ग्रामीण हृदयेश कठेरिया ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और दोनों बस चालकों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया था, जिसे बाद में पुलिस ने वाहनों को हटाकर सामान्य कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Aniket Prajapati अनिकेत प्रजापति UP News Network असिस्टेंट न्यूज़ एडिटर है। वे 2 साल से ज्योतिष और धार्मिक, बिजनेस, नेशनल, उत्तर प्रदेश, गैजेट्स, हेल्थ आदि से जुड़े मुद्दों को कवर कर रहे हैं। अनिकेत प्रजापति पिछले 1 साल से UP News Network, (Digital) के साथ जुड़े हैं। वह TV 24 Network में भी काम कर चुके हैं। अनिकेत प्रजापति ने भारतीय जनसंचार संस्थान Lucknow public College of professional studies से पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया है।