अयोध्या में 1.21 लाख धान के बीजों से सजा राम परिवार, श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना अनोखा कला नमूना
राम नवमी से पहले अयोध्या में धान के 12 लाख दानों से बनी राम परिवार की एक अनूठी कलाकृति श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है। पूरी कहानी पढ़ें।
रामनगरी अयोध्या में रामनवमी से पहले भक्ति और कला का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। जहां एक ओर भगवान श्रीराम के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एक अनोखी कलाकृति लोगों का ध्यान खींच रही है। इस खास कृति में 1.21 लाख धान के बीजों से भगवान श्रीराम के पूरे परिवार को सजाया गया है। यह कलाकृति न केवल देखने में सुंदर है, बल्कि इसमें कलाकार की महीनों की मेहनत और गहरी श्रद्धा भी साफ दिखाई देती है।
धान के बीजों से तैयार हुआ भव्य राम परिवार
इस अनोखी कलाकृति को ओडिशा के नबरंगपुर जिले के कलाकार लक्ष्मी नारायण बख्सी और उनकी टीम ने तैयार किया है। इसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और भक्त हनुमान का बहुत ही सुंदर और बारीक चित्रण किया गया है। धान के छोटे-छोटे बीजों को सजाकर इस तरह से लगाया गया है कि पूरा राम दरबार जीवंत नजर आता है।
7 महीने की मेहनत और टीम का योगदान
इस कलाकृति को बनाने में करीब सात महीने का समय लगा है। हर एक बीज को बहुत सावधानी से लगाया गया है। कलाकार के साथ पंकज कुमार सराबू, हरा प्रसाद सराबू और ललिता सराबू ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह पूरी टीम ओडिशा के कोसागुमुड़ा ब्लॉक के लिम्बाभट्टा क्षेत्र की रहने वाली है और पारंपरिक पैडी क्राफ्ट कला को आगे बढ़ा रही है।
रामकथा संग्रहालय में उमड़ी भीड़
इस खास कृति को अंतर्राष्ट्रीय रामकथा संग्रहालय में प्रदर्शित किया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालु इसे देखकर भावुक हो रहे हैं और इसकी जमकर सराहना कर रहे हैं। यह कलाकृति रामनवमी के मौके पर खास आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
सुरक्षा के लिए खास तकनीक का इस्तेमाल
संग्रहालय के प्रबंधक संजीव कुमार सिंह के अनुसार, इस कृति को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए ओडिशा से विशेष केमिकल ट्रीटमेंट तकनीक मंगाई गई है। इससे धान के बीज खराब नहीं होंगे और कलाकृति लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी।
भक्ति और कला का अनूठा संगम
यह कलाकृति सिर्फ एक कला नहीं, बल्कि भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। रामनवमी के इस पावन अवसर पर यह कृति अयोध्या के आध्यात्मिक माहौल को और भी खास बना रही है और लोगों के दिलों में आस्था को और मजबूत कर रही है।
(रिपोर्टः अनूप कुमार, अयोध्या)
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
