अयोध्या में अलविदा की नमाज़ के बीच शोक का माहौल, सादगी से मनाई जाएगी ईद
अयोध्या में एक शिया धार्मिक नेता के निधन के बाद शोकपूर्ण वातावरण में अलविदा नमाज अदा की गई। अधिकारियों ने बताया कि ईद सादगी से मनाई जाएगी।
अयोध्या में रमजान के आखिरी जुमे यानी अलविदा की नमाज़ के दौरान इस बार गमगीन माहौल देखने को मिला। राम नगरी में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग नमाज़ अदा करने के लिए एकत्रित हुए। अयोध्या इमामबाड़ा में भी अलविदा की नमाज़ अदा की गई, जहां लोगों ने देश और दुनिया में अमन और शांति के लिए दुआ मांगी। हालांकि इस बार माहौल सामान्य त्योहारों जैसा नहीं था, क्योंकि शिया समुदाय के धर्मगुरु के निधन के कारण मुस्लिम समाज में शोक का माहौल बना हुआ है।
शिया धर्मगुरु के निधन से समाज में शोक
मुस्लिम समाज के लोगों ने बताया कि शिया धर्मगुरु अली खामेनेई के निधन की खबर से समुदाय में गहरा दुख है। इसी वजह से इस बार ईद का त्योहार सादगी के साथ मनाने का फैसला लिया गया है। समाज के लोगों ने कहा कि ईद के दिन नमाज़ अदा की जाएगी और जरूरतमंद लोगों को ज़कात दी जाएगी, लेकिन किसी तरह की भव्य खुशियां या बड़े आयोजन नहीं किए जाएंगे।
नमाज़ के बाद अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर जताई नाराज़गी
अलविदा की नमाज़ के बाद कुछ लोगों ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को लेकर अपनी नाराज़गी भी जाहिर की। इस दौरान एक पोस्टर को फाड़ने और उसे पैरों से कुचलने की घटना सामने आई। साथ ही संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल के खिलाफ नारेबाज़ी भी की गई। हालांकि मुस्लिम समाज के कई लोगों ने अपील करते हुए कहा कि दुनिया में लड़ाई और संघर्ष से दूर रहना चाहिए और सभी को शांति और भाईचारे का रास्ता अपनाना चाहिए।
शहर में 69 स्थानों पर पढ़ी गई अलविदा की नमाज़
अलविदा की नमाज़ को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। पूरे शहर में कुल 69 स्थानों पर नमाज़ अदा की गई। नमाज़ के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। इसके अलावा शहर में पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई थी ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
प्रशासन की कड़ी निगरानी में हुई नमाज़
श्रेयस त्रिपाठी ने बताया कि अलविदा की नमाज़ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे शहर में पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। प्रशासन की निगरानी में सभी स्थानों पर नमाज़ शांतिपूर्वक संपन्न हुई। फिलहाल अयोध्या में ईद को लेकर तैयारियां जारी हैं, लेकिन शिया समुदाय में शोक के चलते इस बार त्योहार सादगी के साथ मनाने की बात कही जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
