असम में हिमंता का राजतिलक… लगातार दूसरी बार लेंगे CM पद की शपथ, गुवाहाटी में जुटेंगे मोदी-शाह समेत दिग्गजों का महाकुंभ
असम में आज नई बीजेपी-एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। गुवाहाटी में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
असम में आज राजनीतिक रूप से बड़ा दिन माना जा रहा है। राज्य में नई बीजेपी-एनडीए सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने जा रहा है। हिमंता बिस्वा सरमा लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह समारोह गुवाहाटी के वेटनरी कॉलेज ग्राउंड में सुबह 11.40 बजे आयोजित होगा। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और देश के कई बड़े नेता मौजूद रहेंगे। हिमंता बिस्वा सरमा के साथ चार अन्य नेता भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्य में लगातार तीसरी बार बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार बनने जा रही है, जिसे पार्टी ऐतिहासिक उपलब्धि मान रही है।
हिमंता के साथ ये चार नेता लेंगे मंत्री पद की शपथ
मुख्यमंत्री पद के लिए नामित हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि उनके साथ चार सहयोगी भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। इनमें रामेश्वर तेली, अतुल बोरा, चरण बोरो और अजंता नियोग शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में यह शपथ ग्रहण समारोह होगा। अतुल बोरा असम गण परिषद यानी AGP के अध्यक्ष हैं। वहीं चरण बोरो बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट यानी BPF के विधायक हैं। दोनों नेता पहले की एनडीए सरकार में भी मंत्री रह चुके हैं। अजंता नियोग भी पिछली सरकार में मंत्री थीं। रामेश्वर तेली पहले केंद्र सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं और 2026 के चुनाव में उन्होंने राज्य की राजनीति में वापसी की है।
विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए रंजीत दास का नाम
हिमंता बिस्वा सरमा ने यह भी घोषणा की कि विधायक रंजीत दास को असम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी नेता मिलकर मजबूत, विकसित और समृद्ध असम बनाने के लिए काम करेंगे।
पीएम मोदी का गुवाहाटी में जोरदार स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार रात गुवाहाटी पहुंचे। लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हिमंता बिस्वा सरमा और बीजेपी नेताओं ने उनका स्वागत किया। हिमंता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पीएम मोदी का असम में हार्दिक स्वागत है और उनका यह दौरा राज्य के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण अवसर है।
समारोह में शामिल होंगी कई बड़ी हस्तियां
इस शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सर्बानंद सोनोवाल, शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, चिराग पासवान और ललन सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0
